अवैध रेत खनन में गोलीकांड मामला : पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा, सोमनी टीआई भी सस्पेंड

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के मोहड़ गांव में अवैध रेत खनन को लेकर हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वाहन के मालिक अभिनव तिवारी को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले दो अन्य आरोपी जेसीबी चालक भगवती निषाद और संजय रजक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। इसके साथ ही मामले में सम्मिलित पाए जाने पर सोमनी टीआई सत्यनारायण देवांगन निलंबित कर दिया गया है।

घटना 11 जून की रात करीब 7 से 7:30 बजे के बीच की है, जब गांव मोहड़ नदी के किनारे अवैध रेत निकासी के लिए जेसीबी से रैम्प बनाया जा रहा था। इसका विरोध करने पहुंचे ग्रामीणों पर रेत माफियाओं ने हमला कर दिया और गोलियां चला दी। इस फायरिंग में रोशन मंडावी नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य दो ग्रामीण जितेन्द्र साहू और ओम प्रकाश साहू भी घायल हुए हैं।

घटना के बाद बसंतपुर थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट और माइनिंग एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया और पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खाली कारतूस, बुलेट का अगला हिस्सा और जेसीबी एवं हाईवा वाहन (CG 08 AT 5089) जब्त किया।

पुलिस ने आज 14 जून को इस मामले में वाहन मालिक अभिनव तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि वह जेसीबी और हाईवा का मालिक है और उसे अवैध उत्खनन की पूरी जानकारी थी। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

वीडियो वायरल होने के बाद टीआई निलंबित

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें सोमनी थाने के टीआई सत्यनारायण देवांगन की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds