पति ही निकला पत्नी का कातिल, 24 घंटे के भीतर आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

अम्बिकापुर : अम्बिकापुर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में हुए सनसनीखेज हत्या मामले में मणिपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

जानकारी के मुताबिक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान मृतका के शरीर पर डंडे से मारपीट के कई गंभीर निशान पाए गए, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद मणिपुर थाना पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में मणिपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मृतका के पति जमुना चिकवा को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि घरेलू विवाद के चलते आरोपी ने डंडे से हमला कर वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद आरोपी मामले को छिपाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वह बच नहीं सका। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds