आपके शासनकाल में कितने ओबीसी सेक्रेटरी थे’, राहुल गांधी से जेपी नड्डा का सवाल

नई दिल्ली : लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद आज राज्यसभा में यह बिल पेश किया जाएगा। लोकसभा में महिला आरक्षण बिल को 454 सांसदों ने समर्थन दिया तो वहीं एआइएमआइएम के असदुद्दीन ओवैसी और इम्तियाज जलील ने इसके विरोध में वोट किया। आज राज्यसभा से महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसद आरक्षण मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा।
चुनावों के चलते महिला आरक्षण पर नया जुमला लाई सरकारः अधीर रंजन
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब हैं इसलिए अब महिला मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए एक नया जुमला आ गया है। अधीर ने कहा कि हम लोग इस बिल का विरोध क्यों करेंगे, ये हमारा ही मुद्दा है। हम सरकार को सलाह देंगे कि इसमें अन्य चीजें भी शामिल की जाएं।
राहुल गांधी से नड्डा का सवाल- वो बताएं उनके शासनकाल में कितने ओबीसी सेक्रेटरी थे
राहुल गांधी द्वारा बीते दिन महिला आरक्षण बिल पर अपनी बात रखते हुए कहा गया था कि इसमें ओबीसी को भी आरक्षण मिलना चाहिए। इस पर आज नड्डा ने कहा कि कांग्रेस बताए कि उनके शासनकाल वर्ष 2004 से 2014 तक में कितने ओबीसी सेक्रेटरी थे।
अल्पसंख्यकों की राजनीति करती है कांग्रेस
जेपी नड्डा ने महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से अल्पसंख्यकों की राजनीति करती रही है, तभी तीन तलाक को कभी लेकर नहीं आए।
आपको सरकार चलानी आती तो विपक्ष में नहीं बैठते’, खरगे से बोले नड्डा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर जेपी नड्डा ने हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि आप चाहते हैं कि बिना नियमों के महिला आरक्षण बिल जल्दी से पास हो जाए, यही कारण है कि आपको सरकारें चलानी नहीं आई और आप तभी यहां विपक्ष में बैठे हैं।
राहुल गांधी पर जेपी नड्डा का हमला
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर हमला बोला है। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण बिल पर जल्दबाजी करना चाहती है, लेकिन उसे ये नहीं पता कि कहीं ये ना हो कि वायनाड की सीट ही महिला आरक्षित हो जाए।
राज्यसभा में पेश हुआ महिला आरक्षण बिल
महिला आरक्षण बिल कल लोकसभा में पास होने के बाद आज राज्यसभा में पेश किया गया है। आज राज्यसभा में पास होने के बाद महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसद आरक्षण मिल जाएगा।