नेपाल में भारी बारिश से मची तबाही, भूस्खलन से एक की मौत, 25 लोग लापता

काठमांडू : नेपाल के पूर्वी हिस्से में बाढ़ से स्थिति भयावह हो गई है। पूर्वी नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से कम से कम 25 लापता हो गए हैं, जबकि एक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी घटनाएं पूर्वी नेपाल के तीन जिलों में शनिवार शाम से 24 घंटे के भीतर दर्ज की गई।

नेपाल के संखुवासभा में 16 लोग लापता

जानकारी के अनुसार, इनमें से संखुवासभा जिला सबसे अधिक प्रभावित है। इस जिले में 16 लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख बीरेंद्र गोदर ने बताया कि हेवाखोला में शनिवार शाम से आई बाढ़ के बाद सुपर हेवाखोला जलविद्युत के 16 कर्मचारी लापता हो गए हैं। उन्होंन कहा कि बाढ़ में सात घर बह गए हैं।

बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत

उन्होंने कहा कि एक मजदूर का शव मिला है, जिसे पहचानने की कोशिश कर रहे हैं। इधर, पंचथर में बाढ़ से कम से कम पांच लोग लापता हो गए हैं, जबकि जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क संपर्क बंद हो चुका है। ताप्लेजंग में भूस्खलन के कारण चार लोग लापता हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि लापता लोगों की तलाश जारी है।

नेपाल में बाढ़ की स्थिति

बता दें कि मानसून की वजह से नेपाल में भारी बारिश हो रही है। नेपाल में बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ आ गई हैं। वहीं, कई जगह भूस्खलन की घटना भी दर्ज की गई हैं।

पीएम दहल ने अभियान तेज करने का दिया निर्देश

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने रविवार सुबह अधिकारियों को खोज और बचाव अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त किया।

नेपाल के पीएम ने कहा,मैं देश के विभिन्न जिलों में बाढ़ के कारण हुई संपत्ति के नुकसान से बहुत दुखी हूं। मैंने सुरक्षा एजेंसियों और राष्ट्रीय सेवा कर्मियों को सक्रिय रूप से खोज, बचाव और तलाशी अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds