स्वास्थ्यमंत्री जायसवाल की अपील : जल्द काम पर लौटे एनएचएम कर्मचारी, बोले ‘हमसे जो बन सका उन मांगो को किया पूरा”

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- एनएचएम कर्मचारियों की जो मांग पूरा कर सकते थे वह हमने किया है। कर्मचारियों से कई दौर की बातचीत भी हो गई है जो केंद्र का विषय है उस पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेंगे मौसमी बीमारियों का सीजन है, हड़ताल का औचित्य नहीं है।
जायसवाल ने आगे कहा- मैं अपील करता हूँ एनएशएम कर्मी काम पर वापस लौटें। वहीं कांग्रेस के बयान पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा- 5 साल कांग्रेस की सरकार थी, तब क्यों नियमित नहीं किया। कांग्रेस क्या 5 साल तक मुंगफली छील रही थी। कांग्रेस का काम केवल भ्रम फैलाना है और राजनीति करना है।
स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई – कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष
कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ राकेश गुप्ता का बयान सामने आया है। गुप्ता ने कहा- सरकार एनएचएम कर्मचारियों की चिंता करें। कांग्रेस चिकित्सा प्रकोष्ठ सरकार के दमन की निंदा करता है। पुलिस द्वारा मितानिन और एनएचएम कर्मियों को जबरदस्ती रोका जा रहा है। बीजेपी ने अपने वचन पत्र में कहा था तो उनकी मांगों पर विचार कर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने आगे कहा- स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री आत्ममुग्ध है।