लॉगिन

MP News हथौड़ी ने ले ली जान: कुएं में उतरे पिता-पुत्र सहित चार का जहरीली गैस से घुटा दम, मौत के बाद चीख-पुकार

Madhya Pradesh August 2, 2024 रिपोर्टर: shailesh
MP News हथौड़ी ने ले ली जान: कुएं में उतरे पिता-पुत्र सहित चार का जहरीली गैस से घुटा दम, मौत के बाद चीख-पुकार

MP News हथौड़ी ने ले ली जान: कुएं में उतरे पिता-पुत्र सहित चार का जहरीली गैस से घुटा दम, मौत के बाद चीख-पुकार

छतरपुर : घर के भीतर बने कुएं में हथौड़ी गिर गई। निकालने के लिए एक-एक कर उतरे चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। पिता-पुत्र सहित चार लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और कुएं से चारों मृतकों के शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना छतरपुर के गड़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्राहा की है। बताया जा रहा है कि कुएं में जहरीली गैस के रिसाव चारों की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानें कैसे हुई घटना 
जानकारी के मुताबिक, कुछ मजदूर कुएं के ठीक पास बन रहे मकान में काम कर रहे थे। कारीगर मुन्ना कुशवाहा (45) के हाथ से हथौड़ी छूटकर कुएं में गिर गई। हथौड़ी को लेने मुन्ना कुएं में उतरा। लौट कर नहीं आया। इसके बाद मकान मालिक शेख वसीर (60) कुएं में उतरा। वो भी लौटकर नहीं आया। शेख वसीर का बेटा शेख असलम (37) और भतीजा अलताब (21) भी कुएं में गए। वे भी लौटकर नहीं आए। चारों की मौत हो गई।

पूरा गांव हो गया इकट्‌ठा
चारों काफी देर तक जब कुएं से बाहर नहीं आए तो घर के अंदर से कुछ अन्य लोग बाहर निकले। आसपास के लोगों को बुलाया और चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। 100 डायल और एंबुलेंस को फोन किया। पुलिस पहुंची और चारों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले कुआं चीप से बंद कर दिया था। कुएं में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से 4 लोगों की मौत गई।

कटनी में हुई थी चार किसानों की मौत 
सात दिन पहले कटनी में ऐसी ही घटना हुई थी। 26 जुलाई को सबमर्सिबल पंप डालने कुएं में उतरे चार किसानों की जहरीली गैस से मौत हुई थी। चाचा-भतीजा सहित चार की दम घुटने से हुई मौत के बाद गांव में हड़कंप मच गया था। पुलिस और एनडीआरएफ ने रेस्क्यू ऑपरेशन कर सभी को बाहर निकाला था। दर्दनाक घटना कटनी के जुहली गांव में हुई थी।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds