एक्शन में सरकार- धान खरीदी में लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारी हटाए गए

कलेक्टर अवनीश शरण ने अवकाश के दिन वीसी के जरिए जिलेभर के अफसरों की मीटिंग ली। मीटिंग का एकमात्र एजेंडा धान खरीदी कार्य में तेजी लाना और कोचियों पर अंकुश लगाना था। वीसी के दौरान मस्तूरी ब्लाक के मल्हार खरीदी केंद्र की लापरवाही सामने आई। नाराज कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से हटाने का निर्देश दिया। कलेक्टर की नाराजगी काे देखते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ ने तत्काल आदेश जारी किया। मिनटों में ही उनको हटाकर प्रभारी की तैनाती कर दी है। मल्हार क्षेत्र के धान खरीदी केंद्र प्रभारी जगजीवन कुर्रे पर धान खरीदी में गड़बड़ी और लापरवाही के कई आरोप लगे हैं। कलेक्टर ने दलाल और बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई और तेज करने को कहा है।

वीसी के दौरान उपस्थित अफसरों से कलेक्टर ने दोटूक कहा कि आप सभी को खरीदी के दौरान गड़बड़ी करने वाले संदेहास्पद लोगों की सूची पूर्व में दी गई है। ऐसे लोगों की हरकतों पर नजर रखें और तत्परता से कार्रवाई करें। वर्तमान कार्रवाई को नाकाफी बताते हुए कार्रवाई करने के लिए लक्ष्य भी दिए। फड़ से उठाव में भी और तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। अब तक 37 फीसदी धान का समितियों से उठाव हो चुका है। कड़े निर्देश के बाद पिछले सप्ताह उठाव में तेजी आई है। कलेक्टर ने कहा कि धान बेच चुके किसानों का उनकी सहमति से रकबा समर्पण भी कराया जाए ताकि बिचौलिए इसका अनुचित लाभ न उठा पाएं।

सभी ढेरी को कैप कवर से अच्छी तरह ढकें

कलेक्टर ने कहा कि मौसम में बदलाव आया है । अगले दो-तीन दिन तक बादल छाए रहने और बारिश की संभावना बताई गई है। ऐसी हालत में फड़ एवं संग्रहण केंद्र में रखे धान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी ढेरी को कैप कवर से अच्छी तरह ढकें। बड़ी मजबूती के साथ ढकाव होने चाहिए ताकि तेज हवा आने पर भी पानी नीचे न जाने पाए और धान गीला और नुकसान ना हो। खरीदी केंद्र प्रभारी सुरक्षा के लिए संपूर्ण रूप से जिम्मेदार होंगे। कलेक्टर ने फिर दोहराया कि असली किसानों को शासन की धान खरीदी योजना का लाभ दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। संपूर्ण प्रक्रिया में उन्हें किसी भी स्तर पर दिक्कत नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds