पुलिसकर्मियों की बकरा-शराब पार्टी में जमकर मारपीट, एएसआई पर हॉकी-स्टिक और रॉड से हमला

दुर्ग : भिलाई में बकरा और शराब पार्टी के दौरान पुलिसकर्मियों में जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि भिलाई नगर थाने में पोस्टेड एएसआई गुप्तेश्वर यादव के ऊपर जानलेवा हमला किया गया। गुप्तेश्वर को बचाने में आरक्षक अनिल गुप्ता भी घायल हो गए। दोनों को सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। इधर एसपी दुर्ग ने आरोपी हेड कॉन्स्टेबल​ यशवंत ठाकुर को सस्पेंड कर दिया है।

प्रमोशन मिलने पर दो सिपाहियों ने दी थी दावत,हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड

जानकारी के मुताबिक भिलाई नगर थाने में प्रमोशन पाकर हवलदार बने दो सिपाहियों ने अपने सभी सहकर्मियों को बकरा और शराब की पार्टी दी थी। जिस वॉट्सऐप ग्रुप में पार्टी का निमंत्रण डाला गया उसमें नगपुरा चौकी में पदस्थ यशवंत ठाकुर भी था। पार्टी जयंती स्टेडियम के पास स्थित जंगलनुमा स्थान में दी गई थी। वहीं पर बकरा बना और जाम छलकाई गई।

पार्टी का मैसेज देखकर यशवंत ठाकुर भी वहां पहुंच गया था। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर यशवंत ठाकुर और भिलाई नगर थाने के पेट्रोलिंग पार्टी में पदस्थ हवलदार प्रेम सिंह के बीच झगड़ा हो गया। दोनों के बीच धक्का-मुक्की होता देख एएसआई गुप्तेश्वर यादव वहां आ गए और दोनों के बीच समझौता कराया।

इसके बाद गुप्तेश्वर के कहने पर प्रेम सिंह ने यशवंत से माफी भी मांग ली, लेकिन यशवंत का गुस्सा शांत नहीं हुआ। उसने अपने बेटों शिवम ठाकुर और विनीत ठाकुर को फोन कर दिया। देखते ही देखते पुलिस लाइन से एक स्कॉर्पियों और एक बुलेट में 8-10 लड़के आ गए। यशवंत के दोनों बेटों और उनके साथियों ने गुप्तेश्वर यादव पर जानलेवा हमला बोल दिया। गुप्तेश्वर यादव का कहना है कि उन लोगों ने उन्हें चाचा-चाचा बोलकर हाकी स्टिक और रॉड से बुरी तरह मारा। इससे गुप्तेश्वर यादव को बचाने अनिल गुप्ता और अन्य सिपाही आ गए। इस पर आरोपी पक्ष ने उनको भी बुरी तरह मारा, जिसमें अनिल गुप्ता के सिर में गहरी चोट आई है। उसे कई टांके सिर पर लगे हैं।

नहीं बचाते तो चढ़ा देते स्कॉर्पियो

घायल अनिल गुप्ता और गुप्तेश्वर यादव ने बताया कि वो लोग उन्हें जान से मारने की नीयत से आए थे। उन्होंने पहले तो एक बड़ा पत्थर गुप्तेश्वर यादव के सिर पर पटकने की कोशिश की। उसके बाद स्कॉर्पियों चढ़ाने का प्रयास कर रहे थे। बड़ी मुश्किल से उन लोगों ने गुप्तेश्वर यादव को बचाया और फिर भिलाई नगर थाने पहुंचे।

सेक्टर 9 हॉस्पिटल में चल रहा है इलाज

एएसआई गुप्तेश्वर यादव और अनिल गुप्ता का इलाज सेक्टर 9 अस्पताल में चल रहा है। उन्हें E – 1 वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल दोनों खतरे से बाहर हैं। डॉक्टरों ने गुप्तेश्वर यादव को 24 घंटे के ऑब्जर्वेशन में रखा है। गुप्तेश्वर यादव की छाती, सिर और चेहरे पर चोट आई है। वहीं अनिल गुप्ता के सिर में टांके लगे हैं। एसपी दुर्ग शलभ सिन्हा ने इस मामले में अपराध दर्ज कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button