परिजनों के साथ नहाने के लिए लिब्रा वॉटरफाल गई युवती की डूबने से मौत

सरगुजा : अंबिकापुर में घुनघुट्टा नदी में बने लिब्रा वाटरफॉल में डूबने से 17 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी अपने परिजनों के साथ नहाने पहुंची थी। नहाते हुए वह नदी के पास पहुंच गई, जहां पानी बहुत गहरा है। उसे डूबता देख कुछ युवक कूदे और उसे बाहर लेकर आए। परिजन लड़की को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसा दरिमा थाना क्षेत्र में हुआ है। लिब्रा का वॉटरफाल गर्मी में लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, नमनाकला निवासी अंजली (17) पुत्री बबलू बखला बुधवार को अपने परिजनों के साथ लिब्रा वॉटरफाल गई थी। फाल घुनघुट्टा बांध से वेस्ट वियर में पानी छोड़ने के कारण बना है। यहां से पानी घुनघुट्टा नदी में मिलता है, जो काफी गहरी है। बताया जा रहा है कि, वहां युवकों की संख्या अधिक होने के कारण अंजली और उसके साथ गए लोग नहाते हुए नीचे नदी में चले गए।  इस दौरान अंजली गहरे पानी में फंस गई और डूबने लगी। शोर सुनकर आसपस के युवकों ने उसे बाहर निकाला।

खतरनाक होने के बाद भी अनदेखी

लिब्रा का वाटर फॉल आगे घुनघुट्टा नदी में मिल जाता है। लिब्रा वाटर फॉल में नहाने के लिए प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में अंबिकापुर से लोग पहुंचते हैं। घुनघुट्टा नदी में गहरा पानी होने के कारण यहां हमेशा डूबने का खतरा भी बना रहता है। वहीं असामाजिक तत्वों के पहुंचने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति भी बन रही है। दो दिन पहले ही यहां दो गुटों में मारपीट हो गई थी, जिसमें आठ नाबालिगों के खिलाफ अपराध भी दर्ज किया गया। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन अनदेखी कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds