रायपुर : आज देशभर में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है. आज से गणेश उत्सव की शुरुआत हो जाती है. इस दौरान गणपति जी की स्थापना की जाती है और उनकी पूजा-अर्चना की जाती है. धार्मिक शास्त्रों के अनुसार गणेश जी की पूजा करने से कष्टों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है. इसी कड़ी में आज हम आपको गणेश स्थापना का सबसे शुभ मुहूर्त बताने जा रहे हैं.
भाद्रपद माह के शुक्ल चतुर्थी से शुरू होता है पर्व
‘गणेश उत्सव भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को शुरू होता है. इस दिन बड़े और भव्य पंडाल लगाए जाते हैं, खासकर महाराष्ट्र में और अब दिल्ली में भी, जहां भगवान गणेश की बड़ी और सुंदर मूर्तियां स्थापित की जाती हैं. यह त्योहार अनंत चतुर्दशी तक चलता है. कुछ लोग मूर्ति को 10 दिनों के लिए, कुछ 5 दिनों के लिए और कुछ 7 दिनों के लिए स्थापित करते हैं. लोग भगवान गणेश की मिट्टी की मूर्तियां अपने घरों में भी लाते हैं और पूजा-अर्चना करते हैं.’
25 सितंबर तक चलेगा गणेश उत्सव
उन्होंने बताया कि इस बार गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को मनाई जा रही है. इसी दिन से गणेश उत्सव का शुभारंभ होगा, जो 25 सितंबर तक चलेगा. 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान देशभर में भक्ति और उल्लास का माहौल रहता है.
क्या है गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त?
गणेश स्थापना के शुभ मुहूर्त को लेकर महंत सुरेंद्र नाथ अवधूत ने कहा, ‘इस बार गणेश स्थापना का विशेष मुहूर्त सुबह 11 बजकर 2 मिनट से लेकर 1 बजकर 31 मिनट तक रहेगा.’ सभी भक्त लगभग इस ढाई घंटे के मुहूर्त में गणेश जी की स्थापना कर पूजा-अर्चना कर सकते हैं.