रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर से मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं. प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. वहीं बस्तर और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में तेज बारिश देखने को मिली है. मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी. काले बादलों की लुकाछिपी के बीच कई बारिश तो कहीं पर तेज धूप निकल सकती है. छत्तीसगढ़ में आज यानी 14 सितंबर 2026 को धूप-छांव के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.
सबसे ज्यादा असर धमतरी जिले में
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 30.9°C रायपुर में रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6°C पेंड्रा रोड में रहा. बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश का सबसे ज्यादा असर धमतरी जिले में देखने को मिला. जल संसाधन विभाग के मुताबिक शनिवार शाम 7 बजे की स्थिति में गंगरेल बांध के 6 गेट खोलकर महानदी में 33000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है.
वहीं धमतरी के मॉडमसिल्ली बांध में मामा-भांजे तेज बहाव में बह गए. दोनों 12 सितंबर की देर शाम गेदारापारा के रपटा के पास मछली पकड़ रहे थे.
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने तेज बारिश या गरज-चमक के दौरान बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है. अधिकतम तापमान 27°C से 32°C के बीच और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रहने की संभावना जाताई गई है. बादलों की लुकाछिपी की वजह से प्रदेश में उमस और ठंडक दोनों का एहसास होगा.
रायपुर संभाग- राजधानी रायपुर, धमतरी, महासमुंद और बलौदाबाजार में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की संभावना है.
बिलासपुर संभाग-बिलासपुर, जांजगीर, कोरबा, और सूरजपुर में घने बादल छाए रहेंगे और तेज बौछारें पड़ सकती हैं.
दुर्ग संभाग-दुर्ग और बेमेतरा जिलों में भी आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट है.
बस्तर संभाग-बस्तर और इसके आस-पास के दक्षिणी इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और मूसलाधार बारिश हो सकती है.
सरगुजा संभाग-सरगुजा, महेंद्रगढ़ और आस-पास के क्षेत्रों में भी खराब मौसम और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.