पाकिस्तान में एक दिन में चार जगह हुए बम विस्फोट; दो सैनिकों समेत नौ की मौत

इस्लामाबाद : आजकल पाकिस्तान में आंतकी घटनाओं की संख्या तेजी से बढ़ गई है। आए दिन देश के किसी न किसी हिस्से में आतंकी हमला होने की खबर आ ही जाती है। अब पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के अशांत कबायली इलाकों में चार अलग-अलग आतंकी घटनाओं की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इन हमलों में दो सैनिकों समेत नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तरी वजीरिस्तान, दक्षिणी वजीरिस्तान और बाजौर कबायली जिलों में बुधवार को बम विस्फोट की घटनाएं हुई हैं।

यह हुए हादसे

उत्तरी वजीरिस्तान जिले के रजमक इलाके में सुरक्षा बलों के एक काफिले पर आतंकवादियों के हमले में दो सैनिक मारे गए।

दक्षिण वजीरिस्तान जिले के वाना में एक दुकान में हुए बम विस्फोट में बुजुर्ग असलम नूर, उनके दो बेटों और एक स्थानीय दुकानदार की मौत हो गई।

बाजौर कबायली जिले में दो अलग-अलग विस्फोट हुए। पहला बम विस्फोट एक कार में हुआ, इसमें दो सामाजिक कार्यकर्ताओं की जान चली गई। दूसरा हमला मामोंड तहसील के दामदोला में सड़क किनारे हुआ। इस बम विस्फोट में जेयूआईएफ के नेता अमीर उल इस्लाम के पिता सत्तार खान उस्ताद की मौत हो गई।

आतंकवाद की घटनाओं में वृद्धि हुई

हाल के महीनों में पाकिस्तान में आतंकवाद की घटनाओं में वृद्धि हुई है। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और अन्य आतंकवादी संगठनों ने सुरक्षा बलों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है और अक्सर नागरिक भी उनके निशाने पर आ जाते हैं।

Back to top button

This will close in 20 seconds