वन-विभाग कि बड़ी कार्रवाई : 45 लाख की अवैध ईमारती लकड़ी से भरा ट्रक व स्कॉर्पियो वाहन जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ : रायगढ़ वन विभाग की टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए तेंदू और प्रतिबंधित खैर की लकड़ी से भरे एक ट्रक और एक स्कॉर्पियो वाहन को जब्त किया है। यह कार्रवाई रायगढ़ वन परिक्षेत्र के रेंगालपाली सर्किल के कुर्मापाली और गोर्रा के बीच नहर के पास की गई। मौके से छुहीपारा निवासी 26 वर्षीय महेंद्र यादव और रायगढ़ निवासी रोहित मित्तल को हिरासत में लिया गया, जबकि स्कॉर्पियो में सवार अन्य तस्कर फरार हो गया।

वन विभाग को रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध लकड़ी की खेप ट्रक में लादी जा रही है। सूचना पर रेंजर हेमलाल जायसवाल के नेतृत्व में रायगढ़ रेंज की टीम और उड़नदस्ता मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ लिया। जांच में ट्रक में 133 नग तेंदू और 31 नग खैर की लकड़ी मिली, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जब्त लकड़ी को उर्दना काष्ठागार भेजा गया है।

इसी बीच वन अमले को जानकारी मिली कि तस्कर कोतरा रोड ओवरब्रिज के पास एक स्कॉर्पियो में मौजूद हैं। टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्कॉर्पियो को भी जब्त कर डिपो में रखवाया गया है।

मामले में वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र से लकड़ी बरामद हुई है, वहां जंगल नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि प्रतिबंधित पेड़ों की कटाई किसी अन्य स्थान पर की गई और लकड़ी को यहां लाकर छिपाया गया था। फरार आरोपी हिमांशु को लकड़ी का मालिक बताया जा रहा है। जिसकी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds