कांगो में हुई भारी बारिश के बाद आई बाढ़, 170 लोगों की हुई मौत; स्कूल और अस्पताल बहे

किंशासा  : पूर्वी डीआरसी कांगो (DRC Congo) के दक्षिण किवु प्रांत में भारी बारिश की वजह से बाढ़ (Flood) आ गई। इस बाढ़ के कारण करीब 170 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। इस बात की जानकारी किवु प्रांत (Kivu province) के अधिकारियों ने शुक्रवार (5 मई) को दी। इस मूसलाधार बारिश के वजह से किवु प्रांत के पड़ोस में स्थित रवांडा में भी दर्जनों लोगों की मौत हो गई है।

बाढ़ के कारण 170 लोगों की मौत

वहीं दक्षिण किवु के गवर्नर थियो न्गवाबिजे ने कहा कि कालेहे क्षेत्र के किवु झील और रवांडन सीमा के पास दर्जनों लोग लापता हो गए हैं। किवु प्रांत में आई बाढ़ की वजह से सैकड़ों घर भी बह गए हैं।

दक्षिण किवु प्रांत के अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने जानकारी दी कि बाढ़ की वजह से कुल 170 लोग मारे गए हैं और 100 लोग लापता हैं। स्थानीय प्रशासन के अनुसार भारी बारिश की वजह से नदियों के तट कट गए है जिसके कराण बुशुशु और न्यामुकुबी गांव जलमग्न हो गए हैं।

बाढ़ में बहे स्कूल और अस्पताल

दक्षिण किवु के गवर्नर थियो न्गवाबिद्जे कासी ने मरने वालों की संख्या 176 बताई और कहा कि कई अन्य लोग अभी भी लापता हैं। एक स्थानीय नागरिक समाज के सदस्य कसोल मार्टिन ने कहा कि कई लोगों के शव बरामद किए गए हैं। लोग खुले में सो रहे हैं, स्कूल और अस्पताल बह गए हैं।

कालेहे क्षेत्र के मुख्य अस्पताल के एक डॉक्टर रॉबर्ट मसांबा ने कहा कि गुरुवार शाम से घायल बचे हुए लोग लगातार अस्पताल आ रहे थे। मैं और मेरी टीम पूरी रात सोए नहीं हैं। हमें 56 मरीज मिले हैं, जिनमें से 80% को फ्रैक्चर है।

रवांडा में भी हुई थी तेज बारिश

रवांडा के साथ सीमा साझा करने वाले दक्षिण किवु में बाढ़ और भूस्खलन असामान्य नहीं हैं। इस सप्ताह रवांडा में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन हुआ, जिसमें 130 लोगों की मौत हो गई और 5,000 से अधिक घर नष्ट हो गए।

कांगो में इसी तरह की पिछली घटना अक्टूबर 2014 में हुई थी, जब भारी वर्षा ने 700 से अधिक घरों को नष्ट कर दिया था। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, उस समय 130 से अधिक लोगों के लापता होने की सूचना मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds