उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की वोटिंग के बीच खूब बवाल हुआ। बुधवार (20 नवंबर) मुजफ्फरनगर के ककरौली में भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। ककरौली थाने के SHO राजीव शर्मा ने पिस्टल निकालकर भीड़ को खदेड़ा। महिलाओं पर पिस्टल तानकर गोली मारने की धमकी दी। कहा- यहां से चली जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा। इस मामले में ककरौली के दरोगा के प्रसाद ने सपा के 15 और AIMIM के 10 समर्थकों सहित 25 नामजद और 70 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई संगीन धाराओं में FIR कराई है।
वोटिंग के बीच खूब हुआ बवाल
मीरापुर सीट के ककरौली में वोटिंग के बीच बुधवार को बवाल हुआ। हंगामे की सूचना मिलने पर सब इंस्पेक्टर के प्रसाद पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस गांव पहुंची तो देखा कि समाजवादी पार्टी और एआईएमआईएम समर्थक आपस में झगड़ा कर रहे थे। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को समझने का प्रयास किया। तभी भीड़ ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए पथराव कर दिया। पुलिस ने जैसे तैसे मामला शांत कराया।