किसान की टांगी मारकर हत्या : घर की बाड़ी में मिली खून से सनी लाश, बेटा व उसका दोस्त निकला हत्यारा

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जमीन बेचने की जिद में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात में उसका दोस्त भी शामिल था। मंगलवार की सुबह मृतक की लाश घर की बाड़ी से बरामद हुई, जो खून से लथपथ थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कठरापाली की है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कठरापाली निवासी नत्थुराम चौहान (62) की लाश मंगलवार सुबह उसके घर की बाड़ी में पड़ी मिली। लाश देखकर परिजन और ग्रामीण सन्न रह गए। बुजुर्ग के गले पर गहरे घाव थे और पूरा शरीर खून से लथपथ था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। खबर मिलते ही धरमजयगढ़ SDOP, घरघोड़ा थाना प्रभारी, पुलिस जवान और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुँचे। घटनास्थल की जांच की गई। प्रारंभिक जाँच में साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की। संदेह की सुई मृतक के बेटे मालिकराम चौहान पर गई।
पुलिस ने संदेह के आधार पर मालिकराम को थाने बुलाकर सख्ती से पूछताछ की। तब उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि वह अपने पिता की जमीन बेचना चाहता था, लेकिन नत्थुराम इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद से तंग आकर मालिकराम ने अपने दोस्त सजन अगरिया के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पूछताछ में सामने आया कि सोमवार रात सजन अगरिया ने नत्थुराम को घर से बाहर बुलाया। जैसे ही नत्थुराम बाड़ी में पहुँचे, तभी घात लगाकर बैठे बेटे मालिकराम ने टांगी से उनके गले पर वार कर दिया। एक ही वार में नत्थुराम वहीं गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद वारदात को छिपाने के लिए दोनों ने बोरवेल पंप का तार काट दिया और टांगी व तार को खेत में फेंक दिया, ताकि घटना चोरी के प्रयास जैसी लगे। पुलिस ने घटना की सच्चाई सामने लाने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली। डॉग ‘रूबी’ ने सीधे जाकर सजन अगरिया को पकड़ लिया। इससे पुलिस का शक पुख्ता हो गया और दोनों से पूछताछ में पूरा सच सामने आ गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार हत्या का राजफाश होने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे मालिकराम चौहान और उसके दोस्त सजन अगरिया को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।