अगस्त महीने से भारतीय सड़कों पर दौड़ेगी इथेनॉल से चलनेवाली कार, नितिन गडकरी ने किया एलान

नई दिल्ली : भारतीय बाजार में अगस्त महीने से इथेनॉल से चलने वाली कार आ जाएगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान इसका ऐलान किया। मुंबई में मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने को लेकर आयोजित एक राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने यह जानकारी दी।
इस कार्यक्रम में नेता केंद्र सरकारी की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारियां दे रहे थे। इसी सिलसिले में नितिन गडकरी ने बताया कि पिछले नौ सालों में भारत ने कितनी तरक्की कर ली है, इसका उदाहरण देखिये कि अगस्त महीने से बाजार में इथेनॉल से चलने वाली कार भी आ रही है।
टोयोटा लॉन्च करेगी गाड़ियां
नितिन गडकरी ने कहा कि अगस्त महीने से न सिर्फ इथेनॉल से चलने वाली कार बल्कि इससे चलनेवाली बाइक भी बाजार में उतरेगी। यानी ग्राहकों के लिए इथेनॉल से चलने वाले चार पहिए के साथ ही दो पहिया वाहन भी उपलब्ध होंगे।
ये गाड़ियां 100 फीसदी बायो इथेनॉल से चलेंगी और पेट्रोल से इथेनॉल ईंधन काफी सस्ता पड़ेगा। इससे प्रदूषण भी नहीं होगा। बता दें कि टोयोटा कंपनी इन गाड़ियों को लॉन्च कर रही है। इस राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अलावा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले और मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार भी मौजूद थे।
क्या होगा फायदा?
आपको बता दें कि Toyota ने अक्टूबर 2022 में ही भारत की पहली फ्लेक्स-फ्यूल कार पेश कर दी थी जो 100% इथेनॉल पर चल सकती है। ब्राजील से इंपोर्ट की गई इस कार को भारत में BS-VI कंप्लाइंट FFV-SHEV (फ्लेक्स-फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कार) टेक्नोलॉजी का चेक करने के लिए एक पायलट के तौर पर पेश किया गया था।
इस पर स्टडी चल रही है कि घरेलू कंडिशन में ये कितना प्रभावी होगा और इससे कार्बन एमिशन कितना कम हो सकता है। आपको बता दें कि ब्राजील दुनिया का सबसे बड़ा गन्ना और इथेनॉल निर्माता है। वहां पर करीबन 80 प्रतिशत कारें फ्लेक्स-फ्यूल पर चलती हैं। भारत सरकार भी फ्लेक्स-फ्यूल व्हीकल्स के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दे रही है। इथेनॉल मिक्स के प्रतिशत के आधार पर E95, E90, E85 इंजन के लिए स्टैंडर्ड को नोटिफाइड किया गया है।