CG : सुकमा में डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक नक्‍सली ढेर, शव बरामद

सुकमा : छत्‍तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्‍सलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। इसी बीच सुरक्षा बल के जवानों को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां शनिवार को सुकमा के बुर्कलंका इलाके में डीआरजी जवानों और नक्‍सलियों के हुई बीच मुठभेड़ में एक नक्‍सली मारा गया। जवानों ने मुठभेड़ में मारे गए नक्‍सली शव बरामद कर लिया है।

बस्‍तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ आपरेशन लगातार चलाए जा रहे है। इसी क्रम में डीआरजी के जवान शुक्रवार की रात को आपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान सर्चिंग पर निकले डीआरजी जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ बुर्कलंका इलाके में हुई। इस मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। मुठभेड़ में मारे गए नक्‍सली का शव बरामद किया गया है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्चिंग जारी है। एसपी किरण चव्हाण ने इस घटना की पुष्टि की है।

सुकमा में नक्सलियों ने की दो ग्रामीणों की हत्या

इधर, बस्‍तर संभाग में लगातार चलाए जा रहे नक्‍सल विरोधी आपरेशन से नक्‍सली बौखलाए हुए हैं। इस बौखलाहट में ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के कहेर दुलेड़ में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों की हत्या कर दी। नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी ने दोनों ग्रामीणों पर मुखबिरी का आरोप लगाया है और घटना की जिम्मेदारी भी ली है।

पुलिस ने कहा है कि इलाके में लगातार सुरक्षा कैंप खुल रहे हैं, जिससे नक्सलियों का जनाधार कम हो रहा है, इसलिए अब वे आम नागरिकों को निशाना बना रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीण सोढ़ी हूंगा व माड़वी नंदा रोजगार के लिए आंध्र प्रदेश जाने की तैयारी में थे। उसी समय नक्सली गांव आए और दोनों को अपने साथ जंगल ले गए। धारदार हथियार से दोनों की हत्या कर दी। पुलिस विवेचना में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds