लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग का राजनीतिक दलों को कड़ा निर्देश, अब चुनाव-प्रचार में नहीं कर पाएंगे ये काम

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने राजनीतिक दलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि राजनीतिक दलों व उम्मीदवारों को किसी भी चुनाव अभियान और रैलियों में बच्चों के इस्तेमाल से बचना चाहिए।

चुनाव आयोग ने जारी किया बयान

चुनाव आयोग ने एक बयान जारी किया है। उन्होंने पार्टियों को भेजे गए एक निर्देश में चुनाव-प्रचार के दौरान किसी भी तरह से बच्चों के इस्तेमाल के प्रति जीरो टॉलरेंस की बात कही है।

चुनाव आयोग ने जारी किए निर्देश

चुनाव आयोग के मुताबिक, राजनीतिक दलों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी चुनाव में बच्चों को शामिल नहीं करें।

साथ ही रैलियों, नारे लगाने, पोस्टर वितरित करने सहित अभियान से बच्चों को दूर रखें।

इसके अलावा चुनाव प्रचार या रैलियों के दौरान राजनीतिक नेताओं और उम्मीदवारों को अपने वाहन में बच्चे को गोद में रखने या ले जाने की भी अनुमति नहीं है।

चुनाव आयोग ने बच्चों के किसी और तरीके के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया है।

हालांकि, अपने माता-पिता के साथ मौजूदगी को बच्चों के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन नहीं माना जाएगा।

चुनाव आयोग ने कही ये बात

चुनाव आयोग ने अपने बयान में कहा कि आयोग किसी भी तरह से राजनीतिक अभियान में बच्चों के भागीदारी पर रोक लगाता है, जैसे बच्चों द्वारा कविता पाठन हो, उनके द्वारा किसी पार्टी को लेकर बोले गए शब्द हो या फिर किसी भी राजनीतिक पार्टी या उम्मीदवार के प्रतीक चिन्ह का प्रदर्शन शामिल हो।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने की राजनीतिक दलों से अपील

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव आयोग के प्रमुख हितधारकों के रूप में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया है और उनसे लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने में सक्रिय भागीदार बनने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds