लॉगिन

जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

Chhattisgarh September 12, 2026 रिपोर्टर: shailesh
जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

जादू-टोने के शक में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर। दंतेवाड़ा में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। गीदम थाना क्षेत्र के समलूर गांव में जादू-टोना करने के शक में 65 वर्षीय सुखराम सोढ़ी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, उईकापारा निवासी सुखराम सोढ़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उनके चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान मिले थे। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव में सुखराम सोढ़ी पर जादू-टोना करने का शक किया जा रहा था। इसी संदेह और नाराजगी के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने संदेह के आधार पर पूछताछ की तो धनीराम भोगामी उर्फ मोटू, बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू और मंगतू सोढ़ी की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों के बताए अनुसार पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds