एमपी संजय सिंह के आवास पर ईडी का छापा, आप बोली- अदाणी का मुद्दा उठाने पर हो रही कार्रवाई

नई दिल्ली :  प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार (4 अक्टूबर) को आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के सरकारी आवास पर छापेमारी की। ईडी के कई अधिकारी सिंह के घर के अंदर मौजूद हैं। यह छापेमारी दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। ‘आप’ ने संजय सिंह पर ईडी की कार्रवाई पर कहा है कि उन्होंने संसद में अदाणी का मामला उठाया था इसलिए एजेंसी उन्हें निशाना बना रही है।

आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि अधिकारियों ने कहा कि दिल्ली एक्साइज पॉलिसी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में संजय सिंह के परिसरों पर ईडी की छापेमारी हो रही है। उन्होंने कहा, “संजय सिंह अदाणी के मुद्दे पर सवाल उठाते रहे हैं और यही कारण है कि उनके घर पर छापेमारी की जा रही है। केंद्रीय एजेंसियों को पहले भी कुछ नहीं मिला और आज भी कुछ नहीं मिलेगा। एजेंसियों ने सबसे पहले कल कुछ पत्रकारों के घर पर छापेमारी की और आज संजय सिंह के आवास पर छापे मारे गए।”

हम नहीं चाहते कि ईडी बार-बार आए- संजय सिंह के पिता

इस बीच संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह ने कहा कि वे ईडी के साथ सहयोग कर रहे हैं। दिनेश सिंह ने कहा, “ईडी अपना काम कर रही है। मुझे सटीक समय नहीं पता, लेकिन सुबह 7.30 बजे के आसपास से वे छापेमारी करने आए। मैंने ईडी अधिकारियों से कहा कि वे देर रात तक छापेमारी कर सकते हैं, हम नहीं चाहते कि वे बार-बार आएं।”

दिल्ली आबकारी नीति में क्या है?

दरअसल, आरोप है कि आप सरकार द्वारा लाई गई दिल्ली आबकारी नीति में शराब काफी सस्‍ती हो गई और रिटेलर्स को डिस्काउंट देने की छूट मिली। हालांकि, बीजेपी आरोप लगाती है कि शराब लाइसेंस बांटने में धांधली हुई है, जिससे चुनिंदा डीलर्स को फायदा पहुंचाया गया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds