ईडी ने आईएएस रानू साहू, सौम्या से तीन घंटे तक पूछे सवाल, आज भी आरोपितों से जेल में होगी पूछताछ

रायपुर : कोयला घोटाला मामले में रायपुर केंद्रीय जेल में बंद आरोपितों से ईडी तीसरे दिन शुक्रवार को भी पूछताछ करेगी। विशेष कोर्ट ने ईडी को आरोपितों से 16 जनवरी तक पूछताछ की अनुमति दी है। भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव, चंद्रदेव राय, आरपी सिंह, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष राम गोपाल अग्रवाल, विनोद तिवारी समेत अन्य की घोटाले भूमिका की पड़ताल भी चल रही है। विशेष कोर्ट ने देवेंद्र यादव की अग्रिम जमानत याचिका पिछले दिनों खारिज कर दी थी। अब जांच के घेरे में आए इन नेताओं पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है।

ईडी ने आइएएस रानू साहू, सौम्या से तीन घंटे तक की पूछताछ

इससे पहले कोयला घोटाला मामले में रायपुर केंद्रीय जेल में बंद निलंबित आइएएस रानू साहू और राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी रहीं सौम्या चौरसिया से गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने करीब तीन घंटे पूछताछ की। दोनों से अन्य आरोपितों की भूमिका के बारे में जानकारी ली गई।

जानकार सूत्रों के अनुसार इस मामले में जेल में बंद एक-एक आरोपितों से भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, आरपी सिंह, विनोद तिवारी समेत अन्य की घोटाले में क्या भूमिका रही है, इस बारे में बकायदा सवाल तैयार कर पूछताछ की जा रही है। दूसरे दिन ईडी के अधिकारियों ने पूछा कि कोयला घोटाले में और कितने अधिकारी और कांग्रेस के नेता शामिल हैं?

दोनों से पूछताछ में ईडी को नहीं मिली कोई खास जानकारी

बताया जा रहा है कि दोनों से कोई खास जानकारी नहीं मिल पाई। इससे पहले बुधवार को भी जेल में बंद निलंबित आइएएस समीर बिश्नोई, सूर्यकांत तिवारी, कारोबारी सुनील अग्रवाल समेत खनिज अधिकारियों से ईडी की टीम ने करीब छह घंटे तक अलग-अलग बैठाकर पूछताछ की थी।

बताया जा रहा है कि ईडी के हाथ अहम दस्तावेज लगे हैं। आगामी दिनों में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। गौरतलब है कि ईडी ने विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत के समक्ष आवेदन पेश कर जेल में बंद आरोपितों से एक बार फिर से विस्तृत पूछताछ करने की अनुमति मांगी थी, जिस पर न्यायाधीश ने 16 जनवरी तक पूछताछ करने की अनुमति दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds