कंस्ट्रक्शन कारोबारी से 50 लाख लेकर फरार हुआ ड्राइवर, गुटखा लेने भेजकर अकाउंटेंट को छोड़ा, पुलिस तलाश में जुटी

रायपुर : राजधानी रायपुर के गीतांजलि नगर क्षेत्र में एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के साथ बड़ा धोखा सामने आया है, जहां उसका ड्राइवर 50 लाख रुपए नकद और कार लेकर फरार हो गया. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने अकाउंटेंट को थाने के पास गुटखा लाने के बहाने गाड़ी से उतारा और उसी दौरान मौका पाकर रकम सहित गाड़ी लेकर भाग निकला.

शिकायत पर मामला दर्ज

मामले में कारोबारी के रिश्तेदार अखिलेश प्रसाद की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार पीड़ित का नाम उमेश प्रसाद है, जबकि आरोपी ड्राइवर कृष्णा साहू बताया जा रहा है. घटना खम्हारडीह थाना क्षेत्र की है और आरोपी की तलाश जारी है.

कैश लेकर घर भेजा था

जानकारी के मुताबिक उमेश प्रसाद कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं और गीतांजलि नगर में रहते हैं. 25 अप्रैल को उन्होंने अपने अकाउंटेंट और ड्राइवर को 50 लाख रुपए कैश देकर कार से घर पहुंचाने के लिए भेजा था. दोनों पैसे लेकर निकले, लेकिन खम्हारडीह थाने के पास एक पान ठेले के पास ड्राइवर ने अकाउंटेंट को गुटखा लेने भेज दिया. जैसे ही वह नीचे उतरा, ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया.

घटना के बाद दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलते ही अकाउंटेंट ने तुरंत कारोबारी को बताया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. बताया जा रहा है कि आरोपी कृष्णा साहू भाठागांव का निवासी है और करीब एक साल से कारोबारी के यहां काम कर रहा था. घटना के बाद से उसका मोबाइल बंद है और वह लापता है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. शहर के अलग-अलग इलाकों में उसकी तलाश की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से चल रही है और आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds