भाजपा नेता खुशबू सुंदर पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में डीएमके नेता बर्खास्त, सीएम एमके स्टालिन ने की कार्रवाई

चेन्नई : भाजपा नेता और अभिनेत्री खुशबू सुंदर द्रमुक के मंच से एक नेता के उन पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए कहा कि वह इस मामले को राष्ट्रीय महिला आयोग में ले जा रही हैं। खुशबू खुद भी महिला आयोग की सदस्य हैं। इस बीच, द्रमुक ने अपने नेता शिवाजी कृष्णमूर्ति को अनुशासनहीनता और द्रमुक को बदनाम करने के लिए पार्टी से निकाल दिया है।
द्रमुक नेता बार-बार करते है घटिया कमेंट
अभद्र टिप्पणी पर ट्वीट करने के बाद रविवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा नेता खुशबू ने कहा कि वह इस मामले को पहले ही तमिलनाडु महिला आयोग में ले जा चुकी हैं। यह मुद्दा उठाते हुए वह भावुक हो गईं और पूरी प्रेस वार्ता में वह इसी भाव में नजर आईं। इससे पहले, उन्होंने डीएमके के नेता शिवाजी कृष्णमूर्ति का एक वीडियो अपने ट्विटर पेज पर अपलोड करते हुए द्रमुक नेता के बार-बार के घटिया कमेंट से यह साफ होता है कि द्रमुक में यही राजनीतिक संस्कृति हो गई है।
इस दौड़ में उनकी पार्टी में और भी कई हैं। महिलाओं को अपशब्द कहना, उन पर भद्दी टिप्पणियां करने पर पार्टी में कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। बल्कि विभिन्न ऐसे अवसरों पर उन्हें पुरस्कृत किया जाता है।
खुशबू सुंदर ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को टैग करते हुए कहा कि आपको अहसास नहीं है कि वह ऐसा कह कर केवल मेरा अपमान नहीं करते बल्कि आपका और आपके पिता जैसे महान नेता (दिवंगत करुणानिधि) का भी अपमान करते हैं। आप ऐसे लोगों को जितनी जगह देंगे और आपकी राजनीतिक जमीन उतनी ही कम होती जाएगी।