जमीन विवाद मे जघन्य हत्या : दिव्याग शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर ट्राईसाइकल सहित जलाया, आरोपी फरार

जैजैपुर। सक्ती जिले के जैजैपुर ब्लॉक अंतर्गत जर्वे गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने दिव्यांग शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर उसे ट्राईसाइकल समेत जला दिया। सूचना पर पुलिस की टीम पहुंची और जले हुए लाश का पंचनामा पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने हत्या का अपराध कायम किया है। आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हो पाई है। घटना का कारण जमीन खरीदी बिक्री का विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, जैजैपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत जर्वे में शिक्षक देवानंद भारद्वाज पिता अवधराम भारद्वाज उम्र 42 वर्ष का गांव के ही टिमन मनहर से जमीन संबंधी कुछ विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि घटना के दिन 18 मार्च को शाम करीब 5 बजे विनोद खांडे की पान दुकान के पास शिक्षक देवानंद भारद्वाज एवं आरोपी टिमन मनहर के बीच जमीन खरीद बिक्री को लेकर विवाद हुआ।

शिक्षक भारद्वाज ने कहा कि तुमने 1 साल के अंदर जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही थी, परंतु तुम हमेशा टालते आ रहे हो, जमीन का बिक्रीनामा मेरे पास है, और तुम मुझसे 7 17 लाख भी ले चुके हो, अगर रजिस्ट्री नहीं करना है तो मुझसे ली गई राशि वापस करो। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपी टिमन ने घातक हथियार से शिक्षक भारद्वाज पर पीछे से गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे देवानंद की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल

इसके पश्चात आरोपी ट्राईसिकल को दूलाते हुए मृत शिक्षक देवानंद के शव को अपनी ही बाड़ी में ले गया और आग के हवाले कर दिया। शाम के समय बाड़ी में जलती लाश का कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाया और घटना की सूचना सरपंच द्वारा थाने को दी गई। जिस पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में एडीशनल एसपी, एसडीओपी भी पहुंच गए। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिन्होंने अपने स्तर पर जांच प्रक्रिया पूरी की।

दूसरे दिन गुरुवार 19 मार्च को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी टिमन लाल मनहर के खिलाफ हत्या का अपराध कायम किया है, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है। शिक्षक देवानंद भारद्वाज दोनों पैर से विकलांग थे। परिजनों ने बताया कि मृतक देवांगन एवं आरोपी टिमन लाल मनहर के बीच में जमीन एवं लेनदेन का विवाद था।

पत्नी से अनबन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज के दो बच्चे हैं। 10 वर्ष की बेटी डिंपल और 4 वर्ष का बेटा दिव्यांश | जबकि अनबन के चलते उसकी पत्नी 3-4 वर्ष पहले ही देवानंद को छोड़कर अपने मायके रानीगांव में रहती हैं। बच्चों की देखभाल उसके पिता देवानंद किया करते थे। वर्तमान में बच्चों की देखभाल कौन करेगा यह बड़ा प्रश्न है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds