आरंग। राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के बीरबरा गांव में बुजुर्ग दंपती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक मकान से पति-पत्नी के शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान सदाशिव राम साहू (65 वर्ष) और उनकी पत्नी आसवती (62 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनो बीरबिरा गांव में एक ही मकान में रहते थे।
धारदार हथियार से हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग दंपती की हत्या किसी नुकीली या धारदार वस्तु से की गई है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार को लेकर पुलिस की जांच जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्काड और FSL टीम को बुलाया गया। टीमो ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए है।
पुलिस ने शुरू की जांच
आरंग थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों को लेकर पुलिस की ओर से कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां अलग से साझा की जाएगी।