लॉगिन

चलती कार में खतरनाक स्टंट, थाने में लाकर पुलिस ने युवकों को सिखाया सबक

Chhattisgarh October 8, 2025 रिपोर्टर: shailesh
चलती कार में खतरनाक स्टंट, थाने में लाकर पुलिस ने युवकों को सिखाया सबक

चलती कार में खतरनाक स्टंट, थाने में लाकर पुलिस ने युवकों को सिखाया सबक

दंतेवाड़ा। सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की दीवानगी अब युवाओं को मुश्किलों में डाल रही है। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में इंस्टाग्राम पर वायरल होने की चाहत में छह युवकों ने सड़क पर खतरनाक स्टंट किया, जो अब उन्हें महंगा पड़ गया। ये युवक चलती कार में दरवाज़ा खोलकर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहे थे, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसकी शिकायत यातायात पुलिस से कर दी।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और वीडियो की जांच कर युवकों की पहचान की। इसके बाद सभी युवकों को थाने बुलाया गया और उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का स्टंट न केवल खुद की, बल्कि दूसरों की जान को भी जोखिम में डालता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर इन युवकों पर प्रत्येक पर ₹3100 का जुर्माना लगाया गया।

पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जानलेवा हरकतें न करें। इस तरह की लापरवाही दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि सड़कें स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षित यात्रा के लिए बनी हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds