Dalip Tahil: आमिर की वजह से दिलीप ताहिल को मिली थी ‘हम हैं राही प्यार के’, एक्टर ने साझा किया पुराना किस्सा

मुंबई : फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ की रिलीज को आज तीस वर्ष पूरे हो गए हैं। यह फिल्म वर्ष 1993 में आज ही के दिन आई थी। आमिर खान और जूही चावला इसमें लीड रोल में नजर आए। इसके अलावा दिलीप ताहिल भी फिल्म का हिस्सा थे। इस फिल्म को लेकर आज दिलीप ताहिल ने पुरानी यादें ताजा की हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए उन्हें आमिर खान ने रोल ऑफर किया था।
आमिर ने ऑफर किया था रोल
बता दें कि ‘हम हैं राही प्यार के’ में दिलीप ताहिल मिस्टर बिजलानी के रोल में नजर आए। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि एक दिन अचानक आमिर खान का फोन उनके पास आया और पूछा कि क्या वह घर पर हैं? करीब डेढ़ घंटे बाद खुद आमिर खान उनके घर मिलने भी आ गए। इसके बाद मिस्टर परफेक्शनिस्ट ने दिलीप ताहिल को फिल्म का ऑफर दिया।
दिखाया रोल अदा करने का साहस
दिलीप ताहिल के मुताबिक, ‘आमिर खान ने कहा कि यह काफी अलग सिंधी किरदार है और वह चाहते हैं कि मैं इसे करूं’। दिलीप ने आगे बताया कि पहली बार में उन्हें लगा कि वह यह रोल नहीं कर पाएंगे, क्योंकि इससे पहले उन्होंने कभी ऐसा रोल नहीं किया था। लेकिन, आमिर खान ने उन पर भरोसा दिखाया, तो उन्होंने भी इस किरदार को करने का साहस दिखाया।
महेश भट्ट की तारीफ में कही यह बात
बता दें कि ‘हम हैं राही प्यार के’ का निर्देशन महेश भट्ट ने किया। दिलीप ताहिल ने उनके साथ भी काम करने का अनुभव साझा किया और कहा महेश भट्ट के साथ काम करना वाकई सुखद रहा। उन्होंने कहा कि महेश भट्ट के काम करने का तरीका काफी जुदा है। सेट पर काफी आजादी मिलती है।