नांदेड़ में गौरक्षकों पर लाठी और धारदार हथियारों से हमला, एक की मौत, चार घायल

औरंगाबाद : महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में मवेशियों की तस्करी के संदेह में एक वाहन को अपने दोस्तों संग मिलकर रोकने की कोशिश कर रहे गोरक्षक की हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक श्रीकृष्णा कोकाटे ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे किनवात तहसील के शिवनी गांव के पास यह घटना हुई। घटना के विरोध में हिंदू दक्षिणपंथी संगठनों ने बंद का आह्वान किया था, लेकिन बाद में वापस ले लिया।
मवेशियों की तस्करी के शक में गाड़ी रोकने पर किया गया हमला
शिवनी और चिखली गांवों के सात लोग एक कार में सवार होकर तेलंगाना से लौट रहे थे। रास्ते में उन्हें संदेह हुआ कि एक वाहन में मवेशियों की तस्करी की जा रही है। उन्होंने उस गाड़ी को रोकने की कोशिश की तभी उसमें से करीब 10-15 लोगों ने लाठियों और धारदार हथियारों से उनपर हमला बोल दिया।
हत्या एवं दंगा फैलाने का मामला दर्ज किया गया
एसपी ने बताया, इस हमले में शेखर रापेली (32) की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल चार अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस्लापुर थाने में हत्या एवं दंगा फैलाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस संदिग्धों को तलाश रही है। उन्होंने कहा कि कुछ दक्षिणपंथी संगठनों ने इस घटना को लेकर बुधवार को बंद का आह्वान किया लेकिन पुलिस के साथ बैठक के बाद वे इसे वापस लेने पर राजी हो गए।