देश की सबसे खूबसूरत विवाहित महिला : CG की चेतना तिवारी ने जीता मिसेज इंडिया का खिताब

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा की बहू व इंदौर शहर की बेटी चेतना जोशी तिवारी (29) ने मिसेज इंडिया 2023 का खिताब जीतकर शहर के साथ ही जिला, प्रदेश व देश को गौरवान्वित किया है। वह अब देश की सबसे खूबसूरत विवाहित महिला बन गई हैं। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो शहर में हुए इस कान्टेस्ट में देशभर से गए 75 प्रतिभागियों को उन्होंने पीछे छोड़ते हुए मिसेज इंडिया 2023 का क्राउन अपने सिर पर सजाया। इस उपलब्धि से परिवार के साथ ही जिले व प्रदेश में खुशी का माहौल है।

चांपा निवासी राजेश तिवारी व अनिता तिवारी की पुत्रवधु चेतना जोशी तिवारी पति निलेश तिवारी (विक्की) ने इस खिताब को हासिल करने के लिए काफी मेहनत की थी। मूलत: इंदौर में पली-बढ़ी और चांपा में निलेश तिवारी से ब्याही गईं चेतना अपनी मेहनत, धैर्य और लगन के चलते इस मुकाम पर पहुंची हैं। उन्होंने कोलंबो में 13 से 19 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुति दी। चेतना की इस उपलब्धि पर स्वजन समेत लोगों ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। चेतना के ससुर कांट्रेक्टर राजेश तिवारी ने बताया कि दो साल पूर्व निलेश और चेतना का विवाह हुआ था।

चेतना के ससुर राजेश तिवारी ने बताया कि चेतना अंतरराष्ट्रीय योग प्रशिक्षक हैं। वह श्रीश्री रविशंकर की संस्था आर्ट आफ लिविंग से भी जुड़ी हुई हैं। वे आर्ट आफ लिविंग व हैप्पीनेस प्रोग्राम की फैकल्टी को भी प्रशिक्षण देती हैं।

राजेश तिवारी ने बताया कि जैसे ही यह उपलब्धि हासिल हुई, वाट्सएप पर उनके बेटे ने कार्यक्रम का लिंक शेयर किया। इस उपलब्धि पर पूरे परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। 23 जुलाई को उनकी बहू और बेटे कोलंबो से इंदौर पहुंचेंगे। इसके बाद ही तय होगा कि वे चांपा कब आएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि उनकी बहू अब मिसेस यूनिवर्स स्पर्धा के लिए भी तैयारी करेंगी। उन्होंने बताया कि जैसे ही यह खबर लोगों को मिली लोग राधा कृष्ण मंदिर के पास स्थित उनके निवास पर बधाई देने के लिए पहुंचे। हालांकि इस दौरान राजेश तिवारी रायपुर में थे, लेकिन घर के सदस्यों से मिलकर उन्होंने बधाई दी। वहीं इंटरनेट मीडिया में भी लोगों ने चेतना तिवारी की उपलब्धि को खूब प्रसारित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds