लॉगिन

सुपारी किलिंग का पर्दाफाश : जानलेवा हमले में बाच बाल बचे महिला व उसकी बेटी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Chhattisgarh October 2, 2025 रिपोर्टर: shailesh
सुपारी किलिंग का पर्दाफाश : जानलेवा हमले में बाच बाल बचे महिला व उसकी बेटी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

सुपारी किलिंग का पर्दाफाश : जानलेवा हमले में बाच बाल बचे महिला व उसकी बेटी, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर। मां-बेटी पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नकाबपोश बदमाशों ने उनकी हत्या करने के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी ली थी। हालांकि, इस साजिश में उनकी योजना कामयाब नहीं हुई। हमलावरों ने लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। लेकिन, मां-बेटी की जान बच गई। हत्या की साजिश महिला के देवर ने एसईसीएल में अनुकंपा नियुक्ति पाने के लिए रची थी। इस केस में पुलिस ने देवर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी का है।

मल्हार के खईयापारा निवासी सतरूपा श्रीवास गृहिणी है। वो अपनी बेटी बृहस्पति श्रीवास के साथ रहती है। घटना बीते शनिवार की सुबह की है। शुक्रवार की रात दोनों मां-बेटी खाना खाने के बाद सो गई थी। सुबह करीब 5.30 बजे बृहस्पति की नींद खुली, तब वो मुंह धोने के लिए पीछे का दरवाजा खोली। इस दौरान नकाबपोश दो युवक घात लगाए बैठे थे। दरवाजा खोलते ही युवकों ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर उसकी मां दौड़ी तब युवकों ने महिला पर भी लाठी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बृहस्पति और उसकी मां खून से लथपथ होकर घायल हो गई। वहीं, चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी उनके घर पहुंच गए। तब तक हमलावर बदमाश वहां से भाग गए।

पड़ोसियों ने दोनों मां-बेटी को इलाज के लिए मस्तूरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया गया। डीएसपी लालचंद मोहले ने बताया कि पुलिस हमलावरों की पहचान करने के लिए गांव के लोगों के साथ ही महिला से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि महिला का पति तारकेश्वर एसईसीएल में नौकरी करता था। उसके पति की मौत के बाद उसे पेंशन और बेटी को अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, पुलिस ने हमला करने वाले तनौद निवासी नूतन कर्ष और टेकराम केंवट को पकड़ लिया। दोनों ने पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा किया।

दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने महिला के देवर विष्णु प्रसाद श्रीवास को पकड़ा, वो भी जांजगीर-चांपा के तनौद में रहता है। उसने अपने बहन दामाद कृष्ण श्रीवास के साथ मिलकर तनौद के नूतन कर्ष और टेकराम केंवट को हत्या की सुपारी दी थी। हत्या के लिए पांच लाख रुपए में सौदा तय किया था, जिसमें 70 हजार रुपए एडवांस भी दिए थे। पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला के देवर विष्णु श्रीवास के साथ ही कृष्ण श्रीवास, हमलावर नूतन कर्ष और टेकराम केंवट को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त बाइक और डंडा भी बरामद किया है। सभी आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds