लॉगिन

Kondagaon में गरजा कांग्रेस का गुस्सा, मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया- सेना के अपमान पर माफी की मांग

Chhattisgarh May 14, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
Kondagaon में गरजा कांग्रेस का गुस्सा, मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया- सेना के अपमान पर माफी की मांग

Kondagaon में गरजा कांग्रेस का गुस्सा, मंत्री विजय शाह का पुतला जलाया- सेना के अपमान पर माफी की मांग

Kondagaon : भारतीय सेना और उसके अधिकारियों के सम्मान को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह की कर्नल सोमिया को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर मंगलवार को कोंडागांव जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया और मंत्री विजय शाह का पुतला दहन कर आक्रोश जाहिर किया।

सेना के अपमान को नहीं सहेगा देश: कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने विजय शाह की टिप्पणी को भारतीय सेना के स्वाभिमान और बलिदान का अपमान बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भारतीय सेना केवल एक संस्था नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है, और उसके अधिकारी के लिए अपमानजनक भाषा का प्रयोग राष्ट्र के प्रति घोर असम्मान है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई नाराज़गी
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुधराम नेताम ने कहा, “हम सेना और उसके जवानों के सम्मान के लिए किसी भी हद तक जाएंगे। विजय शाह की टिप्पणी समूची भारतीय सेना का अपमान है। जब तक वह सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा।”

कांग्रेस संगठनों की एकजुटता
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में मांग की कि सेना को राजनीतिक विवादों से दूर रखा जाए और जो भी नेता इस मर्यादा को लांघते हैं, उन्हें उनके पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

मोहन मरकाम का भाजपा नेतृत्व से सवाल
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी इस पूरे प्रकरण पर भाजपा नेतृत्व से जवाब मांगा। उन्होंने कहा, “यदि भाजपा मंत्री विजय शाह को तत्काल पद से नहीं हटाती, तो कांग्रेस राज्यव्यापी आंदोलन और तेज करेगी।”

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds