अनुकंपा नियुक्ति और आंगनबाड़ी भर्ती अभियान से 256 लोगों को रोजगार, मुख्यमंत्री को कहा “थैंक्यू सीएम सर”

Gariaband News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप गरियाबंद जिले में अनुकंपा नियुक्ति और आंगनबाड़ी रिक्त पदों की पूर्ति के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत अब तक 50 लोगों को अनुकंपा नियुक्ति दी गई है, जबकि 206 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की भर्ती पूरी की गई है।
जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने इस अभियान की सराहना की। लाभान्वित हितग्राहियों ने कार्यक्रम के दौरान “थैंक्यू सीएम सर” कहकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभागीय स्टॉल का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कर्मियों से मुलाकात की और उनकी खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा और लगन से कार्य करने का संदेश दिया।
दीपशिखा सिन्हा की कहानी बनी प्रेरणा
छुरा विकासखंड के ग्राम पंचायत पाण्डुका की 18 वर्षीय दीपशिखा सिन्हा को भी इस अभियान का लाभ मिला। उनकी मां, दुर्गा सिन्हा, प्राथमिक बालक शाला पाण्डुका में सहायक शिक्षिका थीं, जिनका 23 मई 2022 को आकस्मिक निधन हो गया। परिवार पर आए संकट के बीच, राज्य सरकार की पहल से दीपशिखा को 10 सितंबर 2024 को चतुर्थ श्रेणी में भृत्य के पद पर नियुक्ति मिली।
दीपशिखा की पोस्टिंग शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला अतरमरा में हुई। उन्होंने बताया कि सरल प्रक्रिया के कारण उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े और अब नौकरी मिलने से परिवार का जीवनयापन आसान हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को धन्यवाद देते हुए इसे परिवार के भविष्य के लिए वरदान बताया।
मुख्यमंत्री का संदेश
मुख्यमंत्री साय ने इस विशेष पहल की सफलता पर खुशी जताई और हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। यह अभियान जिले में रोजगार और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है।