सीएम साय ने एमपी की जनसभा में लगाई दहाड़, कहा “कांग्रेस ने देश को धोखा देने, लूटने का किया काम”

रायपुर/कटनी/पन्ना। आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में 55-60 वर्षों तक एक छत्र राज किया और अनेकों राज्यों में वर्षों-वर्षों तक राज किया। लेकिन लूट-लूट कर देश को खोखला करने का काम किया। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी प्रधानमंत्री हुए सबके ऊपर कोई न कोई घोटाले का आरोप है। राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाला जैसा बड़ा आरोप है। तो वहीं मनमोहन सिंह की सरकार में ऐसा कोई भी दिन नहीं था, जब घोटाले की नई-नई खबर अखबार में न आती हो कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला इसके उदाहरण हैं। ऐसी कांग्रेस का समूल नाश करना है। अपने एक दिवसीय दौरे में मध्यप्रदेश पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खजुराहो लोकसभा के अंतर्गत दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। जहाँ उन्होंने कांग्रेस को जमकर लताड़ा।

साय ने कहा कि इतनी तपती गरमी में आप लोग भाजपा को समर्थन देने आए हैं, जिससे स्पष्ट है कि कांग्रेस का खात्मा तय है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को कोसते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को धोखा देने, लूटने का काम किया है। कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन, खुद ही गरीबी को बढ़ाया। इनके एक प्रधानमंत्री ने तो जनता के बीच कहा था कि हम दिल्ली से एक रुपया भेजते हैं जो गरीबों तक केवल 15 पैसा ही पहुँचता है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस ने ही भ्रष्टाचार को बढ़ाया और खूब घोटाला भी किया। उन्होंने कहा कि आज मोदी अगर एक रुपया भेजते हैं तो वो शत-प्रतिशत लोगों तक पहुँचता है। ये अंतर है भाजपा और कांग्रेस की सरकार में। उन्होंने इंडी गठबंधन पर कहा कि कांग्रेस साफ़ है और उसकी सहयोगी सपा का भी साइकिल पंचर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव देश के देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। एक चायवाले, गरीब के बेटे मोदी जी 140 करोड़ देशवासियों के लिए दिन-रात काम करते हैं। 24 घंटे में 18 घंटे काम करते हैं। वो देश के गांव, गरीब, मजदूर, किसान सबकी चिंता करते हैं। मोदी जी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है।

साय ने कहा कि मेरा सौभाग्य था कि 2014 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में एक सांसद-राज्यमंत्री के रूप में मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। मैंने करीब से देखा कि मोदी जी की पहली प्राथमिकता में देश के गरीबों का विकास है, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मोदी जी ने गरीबों को आवास, गैस-सिलेंडर, जनधन बैंक खाता और शौचालय देने का काम किया। 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई। मोदी जी ने अपने दूसरे कार्यकाल में बड़े-बड़े वादों को पूरा किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया, कश्मीर से धारा 370 को शांतिपूर्वक हटाया, ट्रिपल तलाक जैसे जटिल कानून को हटाकर मुस्लिम माताओं-बहनों संग न्याय किया। मोदी जी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, सबको समृद्ध बनाया। आज भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए हमें पुनः उनको प्रधानमंत्री बनाना होगा, ये आशीर्वाद मैं आप सभी से मांगने आया हूँ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है। आज एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। क्योंकि भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जबकि अन्य पार्टियों में परिवारवाद है, अयोग्य लोग ही पार्टी में अपना प्रभुत्व चला रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds