झारखंड के खूंटी में राहुल गाँधी पर बरसे सीएम साय, कहा “ख़याली पुलाव पका रहे हैं राहुल गांधी “

रायपुर/खूंटी (झारखंड)। राहुल गांधी के यह कहने पर कि ये चुनाव मोदी जी के हाथ से निकल चुका है, पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। श्री साय ने पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी ख़याली पुलाव पकाते रहेंगे, उनके पास कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दाविहीन हो गए हैं। इस चुनाव में कांग्रेस की और दुर्गति होने वाली है।

साय ने कहा कि राहुल गांधी देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं, कभी बोलते हैं कि संविधान खतरे में है तो कभी बोलते है आरक्षण समाप्त हो जाएगा। जबकि मोदी जी कह चुके हैं कि न संविधान खतरे में है, न किसी का आरक्षण समाप्त होगा। ये लोग जनता का विश्वास खो चुके हैं, जनता इन पर विश्वास करने वाली नहीं है।

सीएम साय ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश, तेलंगाना एवं उड़ीसा में प्रचार करने के बाद आज झारखंड आया हूं, जनता से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, सभी जगह वातावरण भाजपा के पक्ष में हैं और 400 पार का हमारा लक्ष्य साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा होता था कि कांग्रेस वर्सेस ऑल होते थे लेकिन आज देश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी ने जीता है इसलिए आज “बीजेपी वर्सेस ऑल” है।

हेमंत सोरेन को जेल भेजे जाने वाले सवाल का जवाब देते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने कहा कि जैसी करनी वैसी भरनी। यह झारखंड के लिए शर्म की बात है कि एक मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार कर रहा है। कोई अच्छे कार्य के लिए वह जेल नहीं गए हैं, भ्रष्टाचार के मामले पर जेल गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds