सीएम भूपेश बघेल ने कहा, रमन सरकार में ‘फर्जी एनकाउंटर, आईईडी ब्लास्ट’ ये थी बस्तर की पहचान, डरते थे सैलानी

रायपुर : सीएम भूपेश बघेल ने रमन सिंह के बस्तर ब्रान्ड को लेकर दिए बयान पर पलटवार किया है। सीएम ने कहा कि रमन सिंह के मुख्यमंत्री बनने के बाद बस्तर में कोई सैलानी नहीं जाता था। बाहर की बात तो छोड़िए, छत्तीसगढ़ के लोग भी जाने से डरते थे। वहां के आदिवासी दहशत में थे। व्यापारी डर हुए थे। नौजवान डरे हुए थे। ये पहचान स्थापित करके उन्होंने छत्तीसगढ़ की पहचान दिलाई थी।
बिलासपुर में बंगाली समाज के आयोजन में शामिल होने से से पहले पुलिस परेड ग्राउंड हेलीपेड में मीडिया से चर्चा में कहा कि रमन की सरकार में भोले-भाले आदिवासियों को जेल में ठूंस दिया जाता था। फर्जी एनकाउंटर किया। ये पहचान वो बनाकर रखे थे। आए दिन आईईडी की आवाज पूरे देश में सुनाआ पड़ती थी। ये पहचान रमन सिंह ने बनाकर रखी थी। हमने साढ़े चार सालों में वहां आदिवासियों के परंपरा, जल, जंगल, जमीन का आधिकार दिया। जो जमीने रमन सिंह की सरकार ने छीन ली थी, उसने हमने आदिवासियों को वापस कराया। आदिवासियों के खेती, किसानी को बढ़ावा दिया।
‘हमने जॉब, राशन कार्ड बनवाए’
उन्होंने कहा कि रमन सिंह के समय में जॉब कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड तक नहीं बने थे। हमने वहां पर कैंप लगवाकर लोगों के आधार कार्ड भी बनवाया। जॉब कार्ड भी बनवाया और राशन कार्ड भी बनवाए। रमन सिंह के समय में जवानों को राशन पहुंचाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। मीडिया के लोग खबर बनाते थे कि जवानों के लिए राशन पहुंचा। यह अपने आप में बड़ी खबर हुआ करती थी। अब गरीबों के घर में राशन पहुंच रहा है। वहीं कई एरिया में डैम भी खोलें, पानी की व्यवस्था और बिजली भी पहुंचाई।
बस्तर की पहचान को कांग्रेस सरकार ने वापस दिलाई: बघेल
सीएम ने कहा कि शिक्षा के साथ ही लोगों की आमदनी भी बढ़ी है। लोगों की जेब में पैसा आया तो लोग मोटरगाड़ी समेत कई वाहन खरीद रहे हैं। कांग्रेस की सरकार में बड़ा बदलाव हुआ है। बीजेपी के समय बस्तर दशहरा, दंतेश्वरी माई महोत्सव समेत कई आयोजन विलुप्त हो गए थे। कांग्रेस की सरकार की आने के बाद वह सारी परंपरा आयोजन को हमने शुरू करवाया। गुड़ी बनाने का कार्य हमने करवाया। पुरानी पहचान को वापस दिलाने का हमने काम किया। बस्तर की बोली हल्बी, गोंडी, मु्रिया, तीज त्यौहार वहां की भाषा-बोली सब को सहेजने का काम कांग्रेस की सरकार ने किया है।
‘रमन सिंह को अब बस्तर में कोई पूछ नहीं रहा है’
रमन सिंह की ओर से कांग्रेस के सम्मेलन को तमाशा करार देने पर सीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि रमन सिंह को अब कोई बस्तर में पूछ नहीं रहा है। उनकी 12 सीटें भी चली गईं। नगर निगम उप चुनाव भी हार गए। ऐसे में उनको सब कुछ तमाशा लग रहा है। यह लोगों को किराए पर सभा में लाते थे। रमन के पास अब कुछ रह नहीं गया है कि वह बोल पाए।