समुद्र में चीन ने दिखाई गुंडागर्दी, ऑस्ट्रेलिया के मना करने पर भी किया ये काम, नौसैनिक गोताखोर हुए घायल

कैनबरा: ऑस्ट्रेलियाई नौसेना के गोताखोरों को मामूली चोट आई है। इसके पीछे का कारण चीन का एक युद्धपोत है। दरअसल यह चोट सोनार पल्स के संपर्क में आने के बाद आई है। यह घटना तब हुई जब HMAS टुवूम्बा संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों को लागू करने वाले मिशन के लिए जापान के पास इंटरनेशनल जल क्षेत्र में काम कर रहा था। नौसेना के गोताखोर ऑस्ट्रेलियाई युद्धपोत के प्रोपेलर से मछली पकड़ने के जाल को साफ करने के लिए उतरे थे। तभी चीनी युद्धपोत ने पतवार पर लगे अपने सोनार को शुरू कर दिया।
रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई युद्धपोत ने इस इलाके में मौजूद जहाजों को कई चेतावनियां दी थीं कि गोताखोरी अभियान चल रहा है। उन्होंने कहा, ‘टुवूम्बा के कम्युनिकेशन को स्वीकार करने के बाद भी चीनी पोत करीब आ गया।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जब यह पता चल गया कि पतवार पर लगे सोनार को कुछ इस तरह संचालित किया जा रहा है, जिससे ऑस्ट्रेलियाई गोताखोरों को खतरा है, तो उन्हें पानी से निकालने के लिए मजबूर होना पड़ा।’
गोताखोरों को आई चोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनार पल्स के कारण गोताखोरों के कान में चोट आई है। ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने चीनी सरकार से अपनी गंभीर चिंता व्यक्त की है। ऑस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री के मुताबिक यह घटना असुरंक्षित और अनप्रोफेशनल है। उनका कहना है कि ADF के जहाज दशकों से इस क्षेत्र में समुद्री निगरानी की गतिविधियां चलाते हैं। अंतर्राष्ट्रीय कानून के मुताबिक ऐसा किया जाता है। युद्धपोत अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में था, लेकिन यह हिस्सा जापान के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र में भी आता है।
ऑस्ट्रेलिया के पीएम ने की थी चीन यात्रा
ऑस्ट्रेलिया जहाज जापान की ओर बंदरगाह पर जा रहा था। यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज की चीन यात्रा के कुछ दिनों बाद ही हुई है। अल्बनीज सात साल में चीन जाने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई पीएम हैं। इस यात्रा के दौरान उन्होंने शी जिनपिंग के साथ मुलाकात की थी। दोनों देशों के बीच तनाव को कम करने के लिए बातचीत हुई। वहीं इसी सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन और शी जिनपिंग के बीच मुलाकात हुई है।