चीन ने फिर दिखाई आक्रमकता, ताइवान की ओर भेजे 33 युद्धक विमान और 6 नौसेना के जहाज

बीजिंगः ताइवान पर कब्जे की धमकी देने वाला चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। चीन ने एक बार फिर आक्रामकता दिखाते हुए  ताइवान को डराने की कोशिश की  है।  चीन ने ताइवान पर सैन्य दबाव बनाए रखने के लिये अपने नौसेना पोतों के साथ-साथ लड़ाकू विमानों का एक बड़ा बेड़ा द्वीपीय देश की ओर भेजा है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी

चीन स्व-शासित ताइवान को लगातार अपना क्षेत्र होने का दावा करता है तथा यहां की राजनीतिक गतिविधियों के जवाब में अक्सर ताइवान की ओर विमानों को भेजता रहता है। चीन ने बीते वर्ष द्वीप के पास नौसेना के पोत और ड्रोन भी भेजे हैं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ‘चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ ने बुधवार सुबह छह बजे से बृहस्पतिवार सुबह छह बजे के बीच 33 युद्धक विमान और नौसेना के छह जहाज भेजे।

उन्होंने बताया कि जे-10 और जे-16 जैसे लड़ाकू विमानों ने ताइवान के दक्षिण-पश्चिम में उड़ानें भरीं। मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि ताइवान की सेना ने चीन के पांच पोतों को ‘‘ट्रैक” किया। चीन के बढ़ते सैन्य दबाव को देखते हुए ताइवान अपनी रक्षा को मजबूत करने के लिये हथियार और लड़ाकू विमान खरीद रहा है। पिछले महीने अमेरिका ने ताइवान के लिये 34.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर के एक बिक्री पैकेज की घोषणा की जिसमें विभिन्न युद्धक साजोसामान शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds