मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, विकसित राष्ट्र बनाने के लिए जातिगत जनगणना कराए केंद्र, माथुर के 65 प्लस के दावे पर कसा तंज

रायपुर : नीति आयोग की बैठक में शामिल होने के बाद रायपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भारत को वर्ष 2047 में विकसित राष्ट्र बनाने के लिए केंद्र सरकार जातिगत जनगणना और आर्थिक सर्वेक्षण कराए। जनगणना वर्ष 2021 में शुरू हो जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक शुरू नहीं हो पाई है। इसे तत्काल शुरू किया जाना चाहिए। विकसित राष्ट्र बनाना है तो जो लोग मुख्यधारा में पीछे रह गए हैं, उनकी गणना के बाद विकास की योजनाएं बनती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संघीय व्यवस्था में राज्य के अधिकारों को सुनिश्चित करना होगा। राज्य कमजोर होंगे तो देश का विकास प्रभावित होगा।

केंद्र सरकारी जो कहती है, उसका उल्टा करती है

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार जो कहती है, उसका उल्टा करती है। किसानों की आय दोगुना करने की बात की और खर्च दोगुना बढ़ा दिया। सभी के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया और उनके करीबी लोग बैंक का पैसा लेकर भाग गए। उज्जवला योजना में घर-घर में पहुंचाने का वादा किया, लेकिन पहले चूल्हे के धुएं से लोगों के आंखों में आंसू आता था, वह महंगाई के कारण आ रहा है। बेटी बढ़ाओ, बेटी पढ़ाओं की बात करते थे, लेकिन देश के लिए मेडल जीतने वाली बेटियों काे घसीटकर जेल के अंदर किया जा रहा है। जिसके खिलाफ पास्को एक्ट लगा है, वह मजे कर रहा है, और देश का मान बढ़ाने वालों काे पुलिस पीट रही है। यह अंधेरगर्दी, चौपट राजा है।

क्या लोकतंत्र से तानाशाह का हस्तांतरण हो रहा

नए संसद भवन के लोकार्पण पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि देश आजाद हुआ, उस समय अंग्रेजों से सत्ता का हस्तातरण प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के हाथों हुआ। आज कौन से सत्ता का हस्तांतरण हो रहा है। क्या लोकतंत्र से तानाशाह का हस्तांतरण हो रहा है। सत्ता हस्तांतरण किसका हो रहा है। लोकतंत्र से राजतंत्र की तरफ जा रहे हैं। यह किसका प्रतीक है। जो संगठन जिंदगी भर पंडित नेहरू का विरोध कर रहे थे, आज उसका सहारा लेकर अपना बचाव करना पड़ रहा है। विपक्ष ने राष्ट्रपति के हाथों उद्घाटन की मांग की है, तो इस मांग को मानते तो प्रधानमंत्री का कद बढ़ता है।

कांग्रेस को 65 प्लस सीट मिलेगी: बघेल

भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के दौरे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि माथुर बुजुर्ग और थक गए हैं। सड़क से दौरा नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए हेलीकाप्टर से दौरा कर रहे हैं। माथुर के 65 प्लस के दावे पर मुस्कुराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के इतने विधायक जीतेंगे। पूर्व प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी चली गई। अजय जामवाल थम गए और माथुर को उतारा है। भाजपा अपने लोगों को संगठित कर ले, उतने के लिए ही जोर लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button