लॉगिन

छत्तीसगढ़ में 1 से 7 जून तक ‘चावल उत्सव’, 81 लाख परिवारों को मिलेगा तीन माह का राशन एकमुश्त

Chhattisgarh May 28, 2025 रिपोर्टर: Mahima Yadav
छत्तीसगढ़ में 1 से 7 जून तक ‘चावल उत्सव’, 81 लाख परिवारों को मिलेगा तीन माह का राशन एकमुश्त

छत्तीसगढ़ में 1 से 7 जून तक ‘चावल उत्सव’, 81 लाख परिवारों को मिलेगा तीन माह का राशन एकमुश्त

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। आगामी 1 जून से 7 जून तक ‘चावल उत्सव’ आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत 81 लाख से अधिक राशनकार्डधारी परिवारों को जून, जुलाई और अगस्त—तीनों माह का चावल एकमुश्त वितरित किया जाएगा।

राज्य की 13,928 उचित मूल्य दुकानों को पहले ही चावल का आबंटन जारी कर दिया गया है, और भंडारण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है ताकि वितरण में कोई बाधा न आए।

जिलों को सख्त निर्देश

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों, खाद्य अधिकारियों और नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधकों से ‘चावल उत्सव’ की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा “हर उचित मूल्य दुकान में समय से पहले चावल का भंडारण सुनिश्चित हो। वितरण दुकान स्तरीय निगरानी समिति की उपस्थिति में हो और ई-पॉस मशीन से बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के बाद ही राशन दिया जाए।”

हर लाभार्थी को चावल की पावती रसीद देना अनिवार्य किया गया है।

पहुंचविहीन क्षेत्रों में भी विशेष तैयारी

खास ध्यान उन 249 दुकानों पर दिया गया है जो बारिश के मौसम में पहुंचविहीन हो जाती हैं। इन दुकानों में जून माह में ही अग्रिम चावल भंडारण का कार्य पूरा किया जाएगा, ताकि वर्षा ऋतु में भी राशन वितरण बाधित न हो।

वितरण रहेगा पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त

  • प्रत्येक दुकान पर वितरण की जानकारी का प्रदर्शन अनिवार्य होगा।
  • स्थानीय प्रचार माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
  • तकनीक का प्रभावी उपयोग कर वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा।

बैठक में खाद्य विभाग के संचालक रमेश शर्मा, नागरिक आपूर्ति निगम की प्रबंध संचालक किरण कौशल सहित सभी जिलों के संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds