CG : चमत्कारी तालाब में जा रहे थे नहाने, अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार माजदा वाहन, नौ लोग घायल

जांजगीर चांपा : अकलतरा थाना क्षेत्र के पिपरसत्ती गांव में मोड़ के पास तेज रफ्तार माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलटी गई। माजदा वाहन में 30 लोग सवार होकर चमत्कारी तालाब में नहाने के लिए जा रहे थे। इसमें से एक बच्ची सहित नौ लोगों को चोट आई है। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार, अकलतरा थाना क्षेत्र के मधुवा गांव के रहने वाले सभी 30 लोग सोमवार सुबह करीब पांच बजे अपने घर से माजदा वाहन में सवार होकर मुंगेली जिले के पेंड्री गांव के तालाब में नहाने के लिए जा रहे थे। माजदा वाहन चालक तेज रफ्तार से चला रहा था। पिपरसत्ती गांव पहुंचे थे, तभी वाहन चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे की तालाब में माजदा वाहन जा पलटी।
हादसे से लोगों में चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की मदद से माजदा वाहन में फंसे लोगो को किसी तरह से बाहर निकाला गया। हादसे में उमेद बाई (45), सविता बाई (34), राधा बाई (70), तेरस बाई (60), बेन बाई (45), निशा कुमारी (8), फूलचंद (55), महावीर कैवर्त (35) और नरेश कुमार (19) घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य लोगों को हल्की चोट आने पर प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया है।
थाना प्रभारी टीएस पट्टावी ने बताया कि घायलों का उपचार सीएचसी अस्पताल में जारी है। आरोपी माजदा वाहन चालक को पुलिस हिरासत में लिया गया है। धारा 279, 337 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। तालाब से माजदा वाहन को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।