CG : रामायण गाकर लौट रहे ग्रामीण की बाइक के टक्कर से मौत, आठ घंटे तक सड़क पर पड़ी रही लाश

बिलासपुर। सीपत क्षेत्र के ग्राम डंगनिया में तेज रफ्तार बाइक के चालक ने रामायण गाकर लौट रहे ग्रामीण को टक्कर मार दी। हादसे में घायल ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। रात में ही गांव के लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद भी पुलिस की टीम गांव तक नहीं पहुंच पाई।

शनिवार की सुबह पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव का पीएम कराया है। सीपत क्षेत्र के ग्राम डंगनिया में रहने वाले उमेश कश्यप किसान थे। शुक्रवार को वे गांव में ही चल रहे रामायण में शामिल होने के लिए गए थे। रात करीब 11 बजे रामायण गाने के बाद वे अपने घर की ओर लौट रहे थे।

गांव के प्रायमरी स्कूल के पास खैरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के चालक ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इससे वे मुंह के बल सड़क पर गिर गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर बाइक चालक मौके से भाग निकला। रात को किसी ने उमेश की लाश सड़क पर देखकर स्वजन को सूचना दी।

इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। साथ ही घटना की जानकारी सीपत पुलिस को दी गई। गांव के लोग रातभर शव की रखवाली करते हुए पुलिस का इंतजार कर रहे थे। इधर शनिवार की सुबह पुलिस की टीम गांव पहुंची। गांव के लोगों से पूछताछ के बाद पंचनामा की कार्रवाई की गई। इसके बाद शव पीएम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds