CG : तंगहाली में जी रही पंडवानी कलाकार पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई, दुर्ग कलेक्टर ने संज्ञान लेकर पुन: मंगाया आवेदन

दुर्ग। पंडवानी कलाकार पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई मामले में दुर्ग कलेक्टर रिचा प्रकाश चौधरी ने परिजनों से इलाज के खर्च को लेकर पुनः आवेदन मंगाया है. बता दें कि करीब डेढ़ साल से तीजन बाई लकवा की शिकार होने के बाद से बिस्तर पर ही हैं. दो महीने पहले ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह से बंद हुई उनकी फीजियोथैरेपी दोबारा शुरू नहीं हो सकी है.
तीजन बाई की देखभाल करने वाली ने बताया था कि उनके इलाज में होने वाले खर्च को लेकर परेशान है. पेंशन के नाम पर पद्मविभूषण डॉ. तीजन बाई को केंद्र सरकार से 4 हजार 3 सौ 66 रुपये मिलते हैं. ऐसे में इलाज में होने वाला खर्च तीजन बाई की जमा पूंजी से किया जा रहा है. वहीं परिवार की आर्थिक स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है. ऐसे समय में तीजन बाई के बीमार पड़ते ही उन लोगों ने भी किनारा कर लिया, जो कभी उनके बुलंदियों के दिनों में साथ हुआ करते थे.