CG ठंड का असर तेज : रायपुर में तापमान गिरकर 18 डिग्री पर पहुंचा, अगले 48 घंटे में और गिरेगा पारा

रायपुर। राजधानी रायपुर में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते तीन दिनों से रात का तापमान लगातार गिर रहा है। इस सीजन में पहली बार गुरुवार को तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। नवंबर के मध्य के बाद तापमान में तेज गिरावट का यही पैटर्न पिछले सालों में भी देखने को मिला है।

हवा में नमी घटी, तापमान गिरा

वर्तमान में हवा की नमी घटकर 66 फीसदी से 48 फीसदी तक आ गई है। आसमान में बादलों की मात्रा भी सिर्फ 10 प्रतिशत रह गई है, जिससे हवा में नमी धीरे-धीरे कम हो रही है। इसी कारण से तापमान तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस समय प्रदेश में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

उत्तर पूर्वी राज्यों में बर्फबारी का असर

उत्तर पूर्वी राज्यों में बर्फबारी शुरू होने का असर प्रदेश के मौसम पर भी दिख रहा है। पिछले 24 घंटों में, रात का तापमान 3 डिग्री और दिन का तापमान 2 डिग्री तक गिरा है। आने वाले दो दिनों में प्रदेश का रात का तापमान 3 से 4 डिग्री तक और गिर सकता है।

पिछले सालों से कम है तापमान

पिछले वर्षों की तुलना में इस साल का न्यूनतम तापमान पहले ही कम हो चुका है। नवंबर के पहले पखवाड़े में न्यूनतम तापमान आमतौर पर ज्यादा रहता है, लेकिन इस साल ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में तेजी से गिरावट आई है। ठंडी हवा उत्तर भारत से आते हुए प्रदेश में ठंडक बढ़ा रही है, और अनुमान है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह तक तापमान में और गिरावट आएगी।

पश्चिमी विक्षोभ का असर कम, तापमान में गिरावट जारी

पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ समय के लिए तापमान में गिरावट का दौर रुक गया था। लेकिन अब विक्षोभ का असर कम होने के बाद फिर से पारा नीचे गिरने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तापमान तेजी से घटने की संभावना है, जिससे ठंड में इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds