CG : यहां पर पेड़ से झूलता मिला कारोबारी का शव, हत्या की आशंका, कलेक्शन के लिए निकला था

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला निवासी एक व्यापारी का शव ओडिशा के नुआपड़ा जिले के सदर थानाक्षेत्र के जामधरा गांव के पास पेड़ से झूलता हुआ मिला हैं। मृतक की पहचान खरियार रोड वार्ड 11 निवासी सुरेंद्र सिंह छाबड़ा उर्फ सोनू (40) के रूप में हुई है। वह स्थानीय आमसेना चौक के पास साइकिल की दुकान चलाता था।

प्राप्त जानकारी अनुसार, सुरेंद्र बुधवार की सुबह कलेक्शन के लिए कुरुमपुरी और मांडोसील जाने के लिए निकला था। किसी ने उसे पैसे लेने बुलाया था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे उसे तानवट-महुआभटा के पास और साढ़े 11 बजे नुआपड़ा रेलवे फाटक के पास देखा गया था। ऐसा अंदाजा लगाया जा रहा है कि सुरेंद्र कुरुमपुरी से काम निपटा कर मांडोसील की ओर जा रहा होगा। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सुरेंद्र के एक दोस्त की उससे एक मोबाइल नम्बर मांगने बात भी हुई थी। तब सुरेंद्र ने कलेक्शन पर जाने की बात कही थी और नम्बर भी भेजा था। दोपहर ढाई बजे के आसपास सुरेंद्र का शव मांडोसील से करीब 20 किलोमीटर पहले कोटेन्चुआ पंचायत के जामधरा रास्ते के किनारे सुनसान जंगल में पेड़ से लटकता हुआ पाया गया।

शव उसकी पगड़ी के कपड़े से बने फंदे पर झूल रहा था। सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी स्कूटी भी वहीं से बरामद हुई है। लेकिन कलेक्शन के दो पन्ने फटे होने की जानकारी सामने आई है। मिली जानकारी अनुसार मृतक को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं थी। व्यापार भी ठीक चल रहा था। बताया जा रहा है कि वह आत्महत्या नहीं कर सकता था। सुरेंद्र की हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। वहीं पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी जब्त कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज व काल डीटेल्स के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds