CG भाजपा का संगठन चुनाव : 23 हजार से ज्यादा बूथ में बनी कमेटियां, 15 तक चुने जाएंगे मंडल अध्यक्ष

रायपुर। प्रदेश भाजपा में संगठन चुनाव चल रहा है। अब मंडलों में अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। करीब 25 हजार बूथों में बूथ कमेटियां बनानी हैं, इसमें से 23 हजार दो सौ बूथों में कमेटियां बन गई हैं। अब तक दासा एक भी बूथ ऐसा सामने नहीं आया है, जहां पर 50 से कम सदस्य होने के कारण एडहॉक कमेटी बनाने की जरूरत पड़ी हो। वैसे सभी बूथों में चुनाव हो गए हैं, कुछ जिलों से अब तक रिपोर्ट नहीं आई है।

भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव अगले साल जनवरी में होना है। इसके पहले देश के सभी राज्यों में भाजपा के संगठन चुनाव हो रहे हैं। अपने राज्य छत्तीसगढ़ में भी 20 नवंबर से बूथ कमेटियां का चुनाव प्रारंभ किया गया। यह चुनाव वैसे तो 30 नवंबर तक समाप्त हो जाना था, लेकिन तय समय तक 15 हजार बूथों में ही चुनाव हो सका था, ऐसे में प्रदेश संगठन ने समय सीमा को पांच दिसंबर तक बढ़ाया। तय समय में लगभग बूथों में कमेटियां बन गई हैं।

प्रदेश के चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख के मुताबिक,  अब तक 23 हजार दो सौ बूथों में कमेटियों के बनने की जानकारी आ चुकी है। बाकी स्थानों से जानकारी आनी अभी बाकी है। जिन बूथों में भाजपा के 50 सदस्य नहीं बने होंगे, वहां पर एडहॉक कमेटी बनाएंगे। इसके बाद यह कमेटी प्रयास करेगी कि वहां पर सदस्य संख्या 50 हो जाए। 50 सदस्य बनने के बाद वहां पर एडहॉक कमेटी के स्थान पर बूथ कमेटी बना देंगे। अब तक रिपोर्ट में एक भी बूथ ऐसा सामने नहीं आया है जहां पर एडहॉक कमेटी बनाने की जरूर पड़ी हो।

15 तक बन जाएंगे सभी मंडलों में अध्यक्ष

भाजपा के 405 मंडलों के चुनाव के लिए 1 से 15 दिसंबर का समय तय किया गया है। एक दिसंबर को प्रदेश संगठन की बैठक के कारण मंडलों में चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं हो सकी। प्रदेश संगठन की बैठक में तय किया गया पहले सभी जिलों में दो दिसंबर को कार्यशाला होगी। ऐसे में दो दिसंबर को सभी जिलों में कार्यशाला के बाद अब तीन दिसंबर से मंडलों में चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। 15 दिसंबर तक सभी मंडलों में अध्यक्ष बन जाएंगे। जो भी दावेदार सामने आएंगे, उनसे पर्यवेक्षक और जिलों के पदाधिकारी बात करके सर्वसम्मति से किसी एक को मंडल अध्यक्ष बनाने का काम करेंगे। जहां पर सर्वसम्मति नहीं बन पाएगी, वहां पर मतदान से चुनाव होगा। किसी भी हाल में मंडल अध्यक्ष 45 साल से ज्यादा का नहीं होगा। कार्यकारिणी में जरूर 45 साल से ज्यादा के पदाधिकारी चल जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds