CG : करोड़ों की ठगी के आरोपी अशफाक उल्ला को पुलिस थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट, फोटो वायरल

सूरजपुर : जिले में करोड़ों की ठगी के आरोपी अशफाक उल्ला को पुलिस थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है. अशफाक उल्ला सहित उसके पिता के खिलाफ पुलिस ने ठगी करने का मामला दर्ज किया है. इस मामले में पूछताछ के लिए अशफाक उल्ला को रिमांड में लिया गया है. रिमांड के दौरान उसे वीआईपी ट्रीटमेंट मिलने की तस्वीर सामने आई है. फोटो में आरोपी अशफाक कुर्सी-टेबल में बैठकर लजीज व्यंजन और बोतल बंद पानी के साथ नजर आ रहा है.
पुलिस थाने में वीआईपी ट्रीटमेंट
सूरजपुर जिला निवासी अशफाक उल्ला पर करोड़ों रुपए की ठगी करने का आरोप है. इसके खिलाफ दर्जनों लोगों ने करोड़ों की ठगी की शिकायत दर्ज कराई है. काफी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज किया. अब अशफाक उल्ला को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस के द्वारा स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जा रहा है. एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें पुलिस थाने में अशफाक को वीआईपी ट्रीटमेंट देने का दावा किया जा रहा है. यह तस्वीर कोतवाली थाने की बताई जा रही है, जहां पर अशफाक को रखा गया है.
उठ रहे सवाल
जानकारी के मुताबित अशफाक उल्ला ने कई व्यापारी और नौकरी पेशा सहित अन्य वर्ग के लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की है. उसके पास अकूत संपत्ति होने की बात बताई जा रही है. माना जा रहा है कि अकूत संपत्ति के बल पर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद भी वह वीआईपी ट्रीटमेंट ले पा रहा है. अब सवाल उठ रहे हैं कि गिरफ्तार किए जाने के बाद अशफाक उल्ला के खिलाफ पुलिस क्या कोर्ट में सही विवेचना पेश कर पाएगी. क्या पुलिस कोर्ट में पर्याप्त सबूत और साक्ष्य प्रस्तुत कर पाएगी.