लॉगिन

ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा : दोस्त ही निकला कातिल, पोल तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

Chhattisgarh May 22, 2026 रिपोर्टर: shailesh
ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा : दोस्त ही निकला कातिल, पोल तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा : दोस्त ही निकला कातिल, पोल तोड़ने को लेकर हुआ था विवाद

रायगढ़ : जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में हुए सीतापुर ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी अमन कुमार बसोड निवासी भगवानपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने मामूली विवाद में अपने ही दोस्त तिलक वर्मा की बेरहमी से हत्या करना कबूल किया है।

जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 की सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि सीतापुर स्थित सामुदायिक शौचालय के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान भगवानपुर निवासी तिलक वर्मा के रूप में की। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी शील कुमार आदित्य, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंट बरामद किए गए।पूछताछ में पता चला कि घटना की रात टावर मैदान में तिलक और उसके दोस्त अमन के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद से अमन फरार था, जिससे पुलिस का शक गहराया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को छातामुड़ा से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सीमेंट पोल तोड़ने की बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। बाद में सीतापुर पहुंचने पर फिर झगड़ा बढ़ गया। गुस्से में उसने पहले लोहे के कड़े और फिर ईंट से तिलक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कड़ा और कपड़े जब्त कर लिए हैं।

खबर शेयर करें:

This will close in 20 seconds