भाजपा नेता की हत्या : सिर और गले में कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, अवैध संबंधो के शक में वारदात को दिया अंजाम

रायपुर। राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र के पचेड़ा में सोमवार रात करीब नौ बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अवैध संबंध के शक को लेकर विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि एक व्यक्ति की सिर और गले पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हेमलाल मिर्चे के रूप में हुई है, जो गांव के उप सरपंच का पति बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पवन कुमार मराठे को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। बताया गया कि पूर्व में दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसका कारण पारिवारिक और व्यक्तिगत मतभेद रहे।

घटना वाले दिन भी अवैध संबंध को लेकर दोनों में तीखी नोकझोंक हुई। गुस्से में आकर पवन ने कुल्हाड़ी उठाकर हेमलाल पर कई बार वार कर दिया। सिर और गले पर गंभीर चोट लगने से हेमलाल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना प्रभारी की टीम तुरंत पचेड़ा पहुंची। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से खून से सना कुल्हाड़ी, संघर्ष के निशान और अन्य सामग्री को जब्त किया गया है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया है और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। उप सरपंच परिवार के सदस्य गहरे शोक में हैं। गांव में भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर जांच कार्य में सहयोग करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पवन कुमार मराठे का पूर्व में भी विवादों से संबंध रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अवैध संबंध को लेकर चल रही अनबन के चलते गुस्से में उसने यह खतरनाक कदम उठाया। हालांकि, विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा होगा। प्रशासन ने मृतक के परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए लगातार गश्त की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds