बीजेपी के केंद्रीय नेताओं का छत्तीसगढ़ दौरा, अमित शाह दुर्ग तो जेपी नड्डा बिलासपुर में करेंगे सभा

रायपुर : भाजपा के तीन बड़े केंद्रीय नेताओं का जून में दौरा प्रस्तावित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बिलासपुर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दुर्ग और केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह बस्तर में संभागीय बैठक लेंगे और सभा करेंगे।

केंद्रीय मंत्री केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ संगठन को दिशा निर्देश भी देंगे। गिरीराज सिंह आठ और नौ जून को बस्तर में रहेंगे। पहली बार भाजपा सरकार का कोई केंद्रीय मंत्री बस्तर में रात्रि विश्राम भी करेगा। वहीं, अमित शाह 22 जून को दुर्ग और जेपी नड्डा 30 जून को बिलासपुर आएंगे।

केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल की उपलब्धियों को लेकर भाजपा एक महीने का महासंपर्क अभियान चला रही है। इस अभियान में भाग लेने के लिए केंद्रीय नेता पहुंच रहे हैं। विधानसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा और केंद्रीय मंत्री शाह का बस्तर दौरा हो चुका है। शाह ने नक्सलियों को चुनौती देते हुए लोकसभा चुनाव से पहले तक उनके सफाए का फरमान सुनाया था।

अब शाह दुर्ग संभाग में सभा करेंगे। दुर्ग संभाग की 20 विधानसभा सीट में से 18 पर कांग्रेस का कब्जा है। यहां से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा उनके मंत्रिमंडल में पांच मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविंद्र चौबे, गुरु रुद्र, मोहम्मद अकबर और अनिला भेडिया है। ऐसे में शाह चुनावी सभा करके कांग्रेस के किले को भेदने की रणनीति बनाएंगे।

दुर्ग लोकसभा सीट पर बीजेपी की नजर

अमित शाह की वर्ष 2014 से दुर्ग पर नजर है। इस चुनाव में भाजपा को सिर्फ एक दुर्ग लोकसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि 2019 के चुनाव में भाजपा ने दुर्ग में जीत दर्ज कर ली, लेकिन उससे पहले 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को करारी हार का सामना करना पड़ा।

वहीं, बिलासपुर संभाग में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सभा 30 जून को प्रस्तावित है। संभाग की 24 विधानसभा सीट में सात पर भाजपा विधायक हैं। पिछले चुनाव में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक बिलासपुर संभाग से आते थे, जिसके कारण कांग्रेस की लहर के बाद भी पार्टी के सात विधायकों को जीत मिली थी।

शाह आएं या नड्डा, कोई फर्क नहीं पड़ेगा: मरकाम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि शाह आएं या नड्डा, कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में पूरे केंद्रीय मंत्रिमंडल में डेरा डाला था, लेकिन कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। शाह और नड्डा ने बस्तर का दौरा किया है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य छत्तीसगढ़ पर फोकस कर रहे हैं, लेकिन चुनाव में उनकी बुरी तरह हार होगी। पिछले चुनाव में कांग्रेस 36 वादों के साथ जनता के बीच गई थी। हमारी सरकार वर्तमान में 51 योजनाओं का संचालन कर रही है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतर रही है। 2023 में कांग्रेस के पक्ष में जनता वोट करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

This will close in 20 seconds